कुलपति बनने पर प्रो. अजय तनेजा का आईसीसी ने किया सम्मान, बोले- अपने घर में सम्मान पाकर अभिभूत हूं
आगरा। डा. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के पूर्व प्रति-कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा को ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ का कुलपति नियुक्त किए जाने पर इंडियन काउंसिल ऑफ केमिस्ट्स (आईसीसी) द्वारा शनिवार को सम्मानित किया गया। यह आयोजन खंदारी स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंस में हुआ, जहां उन्हें माला, पटका और सम्मान-पत्र भेंट कर अभिनंदन किया गया।
सम्मान ग्रहण करते हुए प्रो. तनेजा ने भावुक स्वर में कहा, यह मेरा घर है, यहां सम्मान पाकर आत्मा तक संतुष्ट हो गई है। आईसीसी में कार्य करते हुए जो अनुभव मिला, वह अब मेरी नई जिम्मेदारी में उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि नई भूमिका में रहते हुए वे विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर आईसीसी के महासचिव एवं भरतपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. राजेश धाकरे ने स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए कहा, यह हमारे संगठन के लिए गौरव की बात है कि हमारे बीच से एक और विद्वान कुलपति बने हैं।
आईसीसी के कोषाध्यक्ष और आगरा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार रावत ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रो. एससी गोयल, प्रो. विनोद कुमार, प्रो. अमित अग्रवाल, प्रो. देवेंद्र शर्मा, डा. भूपेंद्र सिंह, प्रो. हेमेंद्र कुलश्रेष्ठ, प्रो. कल्पना चतुर्वेदी, प्रो. बीपी सिंह, डा. संध्या अग्रवाल, प्रो. स्मिता चतुर्वेदी, डा. संगीता समेत अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।