एलआईसी कमजोर हुई तो अर्थव्यवस्था चरमरा जाएगी, इन्श्योरेन्स फील्ड वर्कर्स की आम सभा में कहा गया- बीमा ढांचे से खिलवाड़ न हो

आगरा। देश की आर्थिक रीढ़ माने जाने वाले भारतीय जीवन बीमा निगम को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। यही गंभीर चेतावनी नेशनल फैडरेशन ऑफ इन्श्योरेन्स फील्ड वर्कर्स ऑफ इंडिया (उत्तर-मध्य क्षेत्र) की कोठी मीना बाजार स्थित कोटल ग्रांड मरक्युर में आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय आम सभा में सामने आई, जहां उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की 200 से अधिक शाखाओं के करीब 700 अधिकारियों ने भाग लिया।

Apr 11, 2026 - 21:55
 0
एलआईसी कमजोर हुई तो अर्थव्यवस्था चरमरा जाएगी, इन्श्योरेन्स फील्ड वर्कर्स की आम सभा में कहा गया- बीमा ढांचे से खिलवाड़ न हो
नेशनल फैडरेशन ऑफ इन्श्योरेन्स फील्ड वर्कर्स ऑफ इंडिया (उत्तर-मध्य क्षेत्र) की कोठी मीना बाजार में आयोजित क्षेत्रीय आम सभा का दीप प्रज्ज्वलन करते राष्ट्रीय पदाधिकारी।

सभा में राष्ट्रीय महासचिव विवेक सिंह ने कहा कि आईआरडीए की नीतियों और ‘बीमा सुगम’ प्लेटफॉर्म के कारण 14 लाख से अधिक एजेंटों की आय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने चेताया कि भले ही पॉलिसी होल्डर को 2-3 प्रतिशत सस्ता बीमा मिल जाए, लेकिन विशेषज्ञ सलाह के अभाव में मिस-सेलिंग और खराब सेवा जैसी समस्याएं बढ़ेंगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम जितना मजबूत रहेगा, देश की अर्थव्यवस्था भी उतनी ही सुदृढ़ रहेगी। देश में 28 करोड़ से अधिक पॉलिसीधारक एलआईसी से जुड़े हैं और यह संस्था हर संकट में भारत सरकार के साथ मजबूती से खड़ी रहती है। ऐसे में इसके ढांचे को कमजोर करना देशहित के खिलाफ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि निजी कंपनियां जवाबदेही के दायरे में उतनी सख्ती से नहीं आतीं, जिससे उपभोक्ताओं के हित प्रभावित हो सकते हैं।

सभा के बाद प्रतिनिधिमंडल अपनी समस्याओं को लेकर सरकार के समक्ष जाएगा और वित्त मंत्री के समक्ष भी मुद्दे उठाएगा।

इस दौरान पी.एस. नेगी ने उत्तर-मध्य क्षेत्र के नव व्यवसाय की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि क्षेत्र ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर सभी प्रमुख मानकों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि सभी मंडलों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किया है।

प्रेस वार्ता में विवेक सिंह ने बताया कि इस दो दिवसीय बैठक में एलआईसी को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया जा रहा है और महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। उन्होंने जीएसटी में राहत देने के लिए भारत सरकार का आभार जताया और कहा कि इससे निगम की वित्तीय वृद्धि पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

कार्यक्रम का सफल संचालन आगरा डिवीजन के अध्यक्ष अनिल कुमार द्विवेदी एवं डिविजनल सेक्रेटरी मुकुल उपमन्यु के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आम सभा के निर्णय संगठन को नई मजबूती देंगे और एलआईसी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होंगे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एम. विनय बाबू, राष्ट्रीय महासचिव विवेक सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष मनीष रस्तोगी, क्षेत्रीय पदाधिकारी संजय साही, मंडलीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी, मंडल सचिव मुकुल उपमन्यु, कोषाध्यक्ष रावील त्रिपाठी, स्थानीय सचिव करण बुटोला, क्षेत्रीय अध्यक्ष पश्चिम पी.एस. राणा, क्षेत्रीय सचिव पश्चिम मिलिंद, क्षेत्रीय अध्यक्ष मध्य अभय सिंह, क्षेत्रीय सचिव मध्य अजय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor