अवैध कट बना जानलेवा, कुबेरपुर में दो कारों की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल

आगरा के कुबेरपुर में देव टेक्निकल कैंपस के सामने बने अवैध कट पर दो कारों की टक्कर में एक परिवार के तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया, लेकिन लगातार हो रहे हादसों के बावजूद NHAI द्वारा कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है।

Jan 16, 2026 - 21:40
 0
अवैध कट बना जानलेवा, कुबेरपुर में दो कारों की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल
दुर्घटनाग्रस्त कार।

आगरा। कुबेरपुर क्षेत्र में देव टेक्निकल कैंपस के सामने बने अवैध कट ने एक बार फिर लोगों की जान जोखिम में डाल दी। नवलपुर स्थित नेमिनाथ हॉस्पिटल के सामने हुई तेज रफ्तार टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

मेरठ जिले के थाना कंकड़खेड़ा निवासी मारूफ (47) अपने परिवार के साथ नेमिनाथ हॉस्पिटल से इलाज कराकर वैगनआर से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार नगला रामबक्स स्थित देव टेक्निकल कैंपस के सामने बने अवैध कट को पार कर रही थी, तभी आगरा से फिरोजाबाद की ओर तेज गति से जा रही स्विफ्ट डिजायर ने सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई। वैगनआर में सवार रिजवान पुत्र नसरुद्दीन की नाक में गंभीर चोट आई, सुरईया बेगम के हाथ में फ्रैक्चरनुमा चोट लगी, जबकि 9 वर्षीय बालिका के सिर में चोट आई। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे के बाद स्विफ्ट डिजायर सवार मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार का नंबर ट्रेस कर उसके सवारों को बुलाया। बाद में दोनों पक्षों में आपसी रजामंदी से समझौता हो गया और किसी ने भी पुलिस कार्रवाई नहीं कराई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि देव टेक्निकल कैंपस के सामने यह अवैध कट लंबे समय से हादसों का कारण बना हुआ है। हाल ही में यहां एक कार टक्कर के बाद पलट भी चुकी है। इसके बावजूद कोई चेतावनी बोर्ड, सिग्नल या रंबल ब्रेकर नहीं लगाए गए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की अनदेखी के चलते यह कट लगातार दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है।