होटल की आड़ में गैरकानूनी साम्राज्य, सिकंदरा में महिला की कमर्शियल संपत्ति पर कब्जा, दहशत में परिवार
आगरा। सिकंदरा क्षेत्र से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी कमर्शियल संपत्ति पर अवैध कब्जा कर होटल के नाम पर गैरकानूनी गतिविधियां संचालित किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसकी संपत्ति पर “रॉयल कैफे” नाम से होटल चलाया जा रहा है, जिसमें खुलेआम जुआ, शराब और अश्लील गतिविधियां हो रही हैं, जिससे उसका परिवार ही नहीं बल्कि आसपास के लोग भी भय के साए में जीने को मजबूर हैं।
होटल में जुआ, शराब और अश्लील गतिविधियों की आशंका, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
आगरा। सिकंदरा क्षेत्र से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी कमर्शियल संपत्ति पर अवैध कब्जा कर होटल के नाम पर गैरकानूनी गतिविधियां संचालित किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसकी संपत्ति पर “रॉयल कैफे” नाम से होटल चलाया जा रहा है, जिसमें खुलेआम जुआ, शराब और अश्लील गतिविधियां हो रही हैं, जिससे उसका परिवार ही नहीं बल्कि आसपास के लोग भी भय के साए में जीने को मजबूर हैं।
पीड़िता के अनुसार उसने अपनी व्यावसायिक संपत्ति को तय शर्तों पर किराए पर दिया था, लेकिन रामेश्वर वर्मा नामक व्यक्ति ने न तो किराया अदा किया और न ही निर्धारित समय पर संपत्ति खाली की। महिला का आरोप है कि किराया मांगने पर आरोपी ने उल्टा धमकाते हुए कहा कि “अब तू किराया भूल जा… जो करना है कर ले!” इसके बाद आरोपी ने संपत्ति पर जबरन कब्जा जमा लिया।
होटल में अवैध गतिविधियों का आरोप
महिला का दावा है कि होटल के भीतर संदिग्ध व्यक्तियों का लगातार आना-जाना बना रहता है। यहां शराब परोसने का अवैध धंधा, जुए की गतिविधियां तथाकथित “होटल गर्ल्स” की मौजूदगी रहती है। यह सब इस ओर इशारा करता है कि होटल अपराधियों और अनैतिक गतिविधियों का अड्डा बन चुका है। इससे क्षेत्र का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है।
विरोध पर मारपीट और जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने बताया कि जब उसने और उसके पति ने कब्जे और अवैध गतिविधियों का विरोध किया, तो आरोपी और उसके गुर्गों ने दोनों को धक्का देकर बाहर निकाल दिया और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद से परिवार दहशत में है।
पुलिस की चुप्पी से बढ़े हौसले
महिला का आरोप है कि उसने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की निष्क्रियता के कारण आरोपी के हौसले और बुलंद हो गए और अवैध गतिविधियां बेरोकटोक चलती रहीं।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
आखिरकार पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। प्रार्थनापत्र पर सुनवाई के बाद कोर्ट के निर्देश पर आरोपी रामेश्वर वर्मा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता ने प्रशासन से अपनी संपत्ति मुक्त कराए जाने, आरोपी पर सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।