अवैध संबंध बना महिला की हत्या की वजह, प्रेमी ने ही मार डाला, पुलिस ने किया खुलासा
आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र के नानऊ गांव में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने शुक्रवार को पर्दाफाश कर दिया। गांव के ही युवक राजन ने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को भूसे की भुर्जी में छिपा दिया था। हत्या की वजह महिला के अन्य युवकों से संपर्क और रिश्तों को लेकर उपजा शक बना।
पुलिस जांच में सामने आया कि राजन के महिला से अवैध संबंध थे और वह महिला के सभी खर्चों का वहन करता था। लेकिन महिला का अन्य लोगों से बातचीत करना राजन को बर्दाश्त नहीं हुआ। इसी रंजिश में उसने उसे खेत पर बुलाकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को भूसे में छिपा दिया।
हत्या के बाद राजन ने अपने ही घर में आत्महत्या की भी कोशिश की, लेकिन परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया। वह कई दिन तक अस्पताल में भी भर्ती रहा।
मृतका दीपा, जो सूरजपाल उर्फ मुकेश की पत्नी थी, पिछले चार दिनों से गायब थी। उसका शव घर से कुछ ही दूरी पर एक भूसे की बुर्जी में मिला था। पुलिस ने मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने तफ्तीश की और अभियुक्त राजन तक जा पहुंची। पुलिस ने सख्ती की तो राजन ने सब कुछ उगल दिया।
चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका के भाई चंद्रवीर ने उसी दिन पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया था, जिस दिन दीपा की लाश भूसे की बुर्जी में मिली थी। चंद्रवीर बार-बार युवक राजन का ही नाम ले रहा था। चंद्रवीर ने यह भी आरोप लगाया था कि बहन के गायब होने के दिन से ही वे हर रोज तीन-चार बार हलका के दरोगा नवजीत से मिले और बताया कि उनकी बहन को राजन ने गायब किया है, लेकिन दरोगा ने हर बार उनकी बात अनसुनी कर दी और भगा दिया।
दीपा के पति सूरजपाल ने ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट अछनेरा थाने में लिखवाई थी।