आईएमए आगरा की “ज्ञान की पाठशाला”, निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता गोष्ठी 12 फरवरी को
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, आगरा द्वारा 12 फरवरी को महावीर दिगम्बर जैन विद्यालय, आगरा में निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन पद्मश्री डॉ. डी.के. हाजरा करेंगे। गोष्ठी में मानसिक स्वास्थ्य, जीवनशैली, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, प्राथमिक उपचार, CPR प्रशिक्षण और BMI जांच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ चिकित्सक मार्गदर्शन देंगे।
पद्मश्री डॉ. डी.के. हाजरा करेंगे उद्घाटन, लोगों को किया जाएगा जागरूक
आगरा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), आगरा द्वारा जनहित में एक विशाल एवं विशेष स्वास्थ्य जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 12 फरवरी को दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक महावीर दिगम्बर जैन विद्यालय, थाना हरीपर्वत, आगरा में आयोजित होगा। यह गोष्ठी आम जनमानस, विद्यार्थियों एवं नागरिकों के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।
आईएमए आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नागायच ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्घाटन देश के प्रख्यात चिकित्सक एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. डी.के. हाजरा द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक वैज्ञानिक, व्यावहारिक एवं प्रमाणिक स्वास्थ्य जानकारी पहुँचाना है, जिससे लोग गंभीर बीमारियों से बचाव कर सकें और एक स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हों।
आईएमए के सचिव डॉ. रजनीश मिश्र ने बताया कि इस विशेष आयोजन को “ज्ञान की पाठशाला” नाम दिया गया है, जिसमें आगरा शहर के वरिष्ठ, अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सक सहभागिता करेंगे। चिकित्सक आम नागरिकों और विद्यार्थियों को दैनिक जीवन से जुड़े स्वास्थ्य विषयों पर सरल भाषा में जानकारी देंगे तथा लोगों की शंकाओं और समस्याओं का समाधान भी करेंगे।
आईएमए अर्बन हेल्थ कमेटी के चेयरमैन डॉ. एस. के. कालरा ने बताया कि गोष्ठी में मानसिक, शारीरिक एवं आपातकालीन स्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। मन की शांति कैसे प्राप्त करें और मानसिक तनाव से मुक्ति के उपाय, स्वस्थ जीवन जीने की कला एवं जीवनशैली में आवश्यक परिवर्तन, ब्लड प्रेशर और डायबिटीज से जुड़ी जरूरी जानकारियाँ, मधुमेह रोगियों के लिए संतुलित आहार – क्या खाएं, क्या न खाएं, दुर्घटना के समय प्राथमिक उपचार – आम व्यक्ति की भूमिका, सीपीआर कैसे करें – विशेषज्ञों द्वारा प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, बीएमआई जांच – “अपनी सेहत का राज जानिए” विषय पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय चतुर्वेदी ने कहा कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन एवं उसकी विभिन्न शाखाएं नियमित रूप से इस तरह के स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहती हैं, जिनका उद्देश्य स्वास्थ्य स्वराज, स्वच्छता एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देना है।
संयुक्त सचिव डॉ. करण रावत ने कहा कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का मानना है कि सही समय पर सही जानकारी मिलने से कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों से बचाव संभव है। इसी सोच के साथ यह कार्यक्रम न केवल जागरूकता बढ़ाने बल्कि जीवन रक्षक स्वास्थ्य ज्ञान आम जनता तक पहुँचाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। आईएमए आगरा की ओर से आगरा एवं आसपास के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्कूली बच्चों से अपील की गई है कि वे इस निःशुल्क, उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक स्वास्थ्य जागरूकता गोष्ठी में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करें।