बरेली में हैदरी दल से जुड़ा मस्जिद का इमाम गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर चलाता था आपत्तिजनक अभियान

-आरके सिंह- बरेली। ईंट पंजाया चौराहा स्थित गरीब शाह की मस्जिद में इमाम के पद पर कार्यरत रियाजुद्दीन को बरेली कोतवाली पुलिस ने हैदरी दल से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, रियाजुद्दीन सोशल मीडिया पर हैदरी दल के कई व्हाटसएप ग्रुप्स, चैनल्स और सोशल मीडिया आईडी का संचालन करता था और संगठन की आपत्तिजनक गतिविधियों को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से प्रसारित करता था।

Jun 28, 2025 - 19:38
 0
बरेली में हैदरी दल से जुड़ा मस्जिद का इमाम गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर चलाता था आपत्तिजनक अभियान
हैदरी दल से जुड़ा गिरफ्तार इमाम।

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि सात जून को इंटरनेट पर हैदरी दल के नाम से कई आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें मुस्लिम युवतियों की निजता भंग करने जैसी गंभीर हरकतें दिखाई गई थीं। जांच में यह सामने आया कि एक संगठित नेटवर्क द्वारा यह वीडियो प्रचारित किए जा रहे थे। इसी क्रम में रियाजुद्दीन की गिरफ्तारी हुई, जो गांधी उद्यान में संदिग्ध गतिविधियों में भी शामिल था।

पुलिस के अनुसार, रियाजुद्दीन मूल रूप से फरीदपुर का निवासी है और आठवीं तक की पढ़ाई वहीं से की है। पूछताछ में उसने बताया कि वह मुफ्ती खालिद के संपर्क में आने के बाद हैदरी दल से जुड़ा और तब से वह इसके कई डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का संचालन कर रहा था।

पुलिस पहले ही हैदरी दल से जुड़े एक डॉक्टर, इंजीनियर समेत चार लोगों को जेल भेज चुकी है। हाल ही में फरीदपुर पुलिस ने एक अन्य आरोपी नवी हसन को भी गिरफ्तार किया था, जो मदरसे में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोपी है और हैदरी दल से भी जुड़ा है।

अधिकारियों ने बताया कि संगठन के अन्य सदस्यों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor