आईएमए की सख्ती रंग लाई, केस वापसी से लेकर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तक सभी मांगें स्वीकार, हड़ताल टाली

आगरा। डॉ. अनुराग पर दर्ज मुकदमे के बाद शहर में उभरा तनाव आखिरकार खत्म हो गया है। डॉक्टरों द्वारा गुरुवार दोपहर 12 बजे से घोषित की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल अब टल गई है, जिससे शहर की स्वास्थ्य सेवाओं पर मंडरा रहा संकट टल गया है। गुरुवार को डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) पदाधिकारियों के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस प्रशासन ने डॉक्टरों की सभी पांच मांगें मान लीं, जिसके बाद IMA ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी।

Dec 11, 2025 - 18:20
 0
आईएमए की सख्ती रंग लाई, केस वापसी से लेकर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तक सभी मांगें स्वीकार, हड़ताल टाली
वार्ता के बाद हड़ताल समाप्ति कि घोषणा करते आईएमए के पदाधिकारी ।

आगरा। डॉ. अनुराग पर दर्ज मुकदमे के बाद शहर में उभरा तनाव आखिरकार खत्म हो गया है। डॉक्टरों द्वारा गुरुवार दोपहर 12 बजे से घोषित की गई अनिश्चितकालीन हड़ताल अब टल गई है, जिससे शहर की स्वास्थ्य सेवाओं पर मंडरा रहा संकट टल गया है। गुरुवार को डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) पदाधिकारियों के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस प्रशासन ने डॉक्टरों की सभी पांच मांगें मान लीं, जिसके बाद IMA ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी।

बैठक में डीसीपी सिटी ने स्पष्ट किया कि डॉ. अनुराग पर दर्ज मुकदमा वापस लिया जाएगा। घटना में लापरवाही व दुर्व्यवहार के आरोपों में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। इन तीन अहम निर्णयों के साथ डॉक्टरों की अन्य दो मांगों पर भी पुलिस प्रशासन ने सहमति दे दी। इसी के साथ डॉक्टर समुदाय की नाराज़गी शांत हो गई और टकराव की स्थिति समाप्त हो गई।

डॉ. अनुराग पर केस दर्ज होने के बाद शहर के डॉक्टरों में भारी आक्रोश फैल गया था। IMA ने गुरुवार दोपहर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया था, जिससे अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ने की आशंका थी। जैसे ही शहर में स्वास्थ्य संकट गहराने की संभावना दिखी, डीसीपी सिटी खुद IMA कार्यालय पहुंचे और लगभग एक घंटे तक चली बैठक में सभी बिंदुओं पर सहमति बन गई।

IMA पदाधिकारी डॉ. पंकज नगायच ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा सभी मांगें मान लेने के बाद IMA ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का यह सकारात्मक कदम स्वागत योग्य है और इससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने भी बयान जारी कर कहा कि यदि विवेचना में डॉ. अनुराग बंसल की कोई गलती नहीं पाई जाती, तो केस को बंद कर दिया जाएगा। आगरा में जल्द जिला सलाहकारी (District Advisory) जारी की जाएगी, जिसके तहत बिना प्रारंभिक जांच किसी भी डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा। घटना से जुड़े पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच तेजी से जारी है। डॉक्टरों और पुलिस प्रशासन के बीच बनी यह सहमति शहर में तनाव की स्थिति को खत्म करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर ले आई है।