आगरा में बहन को पीट रहा था युवक, रोकने पर ताऊ को मार डाला
आगरा। थाना चित्राहाट क्षेत्र के गांव कमालपुरा में गुरुवार को पारिवारिक विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। गुस्साए भतीजे ने अपने बुजुर्ग ताऊ की डंडे से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
-घटना चित्राहाट थाना क्षेत्र के कमालपुरा गांव की, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक अभिषेक अपनी ही बहन को पीट रहा था। शोर सुनकर 60 वर्षीय ताऊ सुरेश बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी भतीजे से उनका विवाद हो गया। गुस्से में भतीजे ने डंडा उठाकर ताऊ के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर एसीपी बाह रामप्रवेश गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों और परिजनों में घटना के बाद से शोक और रोष का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी भतीजे की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।