आगरा में ओपीडी सेवा के साथ ‘गर्भाधान संस्कार एवं मैटरनिटी होम’ का शुभारंभ, मातृ-सेवा में नई दिशा

आगरा। मातृ स्वास्थ्य और संस्कारवान संतति के उद्देश्य से श्री चन्द्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट की ओर से स्थापित गर्भाधान संस्कार एवं मैटरनिटी होम सेवा का शुभारंभ सोमवार को ओपीडी सेवा के साथ हुआ। इस नई पहल को समाज में संस्कारयुक्त मातृत्व और स्वस्थ पीढ़ी निर्माण की दिशा में एक अनूठा कदम माना जा रहा है।

Nov 3, 2025 - 19:23
 0
आगरा में ओपीडी सेवा के साथ ‘गर्भाधान संस्कार एवं मैटरनिटी होम’ का शुभारंभ, मातृ-सेवा में नई दिशा
गर्भाधान संस्कार एवं मैटरनिटी होम सेवा की सोमवार को ओपीडी सेवा के शुभारंभ के मौके पर मौजूद डॊ. सुरभि धाकरे और ट्रस्ट के पदाधिकारी।

कार्यक्रम का शुभारंभ डिप्टी सीएमओ डॉ. पीयूष जैन, सेवार्थ संस्थान कैंसर व ट्रॉमा सेंटर ट्रस्ट फिरोजाबाद के अध्यक्ष पीके जिंदल, मुस्कान संस्था की अध्यक्षा श्रीमती रश्मि मगन, डॉ. अशोक गर्ग, हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, समाजसेवी बीडी अग्रवाल और ट्रस्ट अध्यक्ष अशोक गोयल एडवोकेट ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इससे पूर्व लाला चन्द्रभान के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। उपस्थित सभी अतिथियों ने इस सेवा को सामाजिक और संस्कारिक क्रांति बताते हुए अशोक गोयल को इसकी प्रेरक शक्ति के रूप में सराहा।

गर्भाधान संस्कार एवं मैटरनिटी होम की ओपीडी सेवा मात्र 50 रुपये शुल्क पर उपलब्ध होगी। यह सेवा रविवार को छोड़कर प्रतिदिन सायं 3:30 से 6:00 बजे तक संचालित होगी।

प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरभि धाकरे गर्भवतियों को चिकित्सीय परामर्श देंगी, जबकि डॉ. सुनीता गर्ग (अरविंदो सोसाइटी) प्रत्येक रविवार को गर्भधारण से प्रसूति तक योग शिक्षा और गर्भाधान संस्कार प्रशिक्षण प्रदान करेंगी।

अतिथियों ने कहा कि यह पहल केवल चिकित्सा नहीं, बल्कि संस्कारवान, स्वस्थ और तेजस्वी संतान के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगी। यह केंद्र आधुनिक चिकित्सा और भारतीय परंपरा का समन्वय प्रस्तुत करेगा।

इस अवसर पर योग परिवार, क्षेत्र बजाजा कमेटी, हेल्प आगरा, सत्यमेव जयते ट्रस्ट, आगरा विकास मंच, अग्र माधवी महिला मंडल, लोक हितम ब्लड बैंक, अमृतदायिनी चेरीटेबल ट्रस्ट, अग्रसेन सेवा सदन, संजीवनी सहयोग ट्रस्ट आदि संस्थाओं के प्रतिनिधि, सहयोगी और दानदाता उपस्थित रहे।
डॉ. हर्षा माहेश्वरी, डॉ. रेखा गुप्ता, डॉ. पल्लवी, मुकेश जैन, किशन अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे। अतिथियों का स्वागत निधि अग्रवाल, नरेंद्र अग्रवाल, सीए अंकुर अग्रवाल, राजीव जैन, राकेश गर्ग, मनोज अग्रवाल और नंदकिशोर गोयल (मीडिया प्रभारी) ने किया। कार्यक्रम संचालन रमेश चंद्र अग्रवाल ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor