रिहावली बांध को जिला योजना में शामिल करें, डिस्ट्रिक्ट प्लानिंग कमेटी की बैठक बुलाने का आग्रह
आगरा। सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा के प्रतिनिधिमंडल ने उटंगन नदी पर प्रस्तावित रिहावली बांध योजना को जिला योजना समिति की आगामी बैठक में शामिल कराकर स्वीकृति दिलाने की मांग की है। इस संबंध में प्रतिनिधियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू भदौरिया से उनके कैंप कार्यालय पर भेंट की और इस योजना को जल संरक्षण व भूजल रिचार्ज की दृष्टि से जनपद की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना बताया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह स्वयं चाहती हैं कि यह योजना जिला योजना के अंतर्गत स्वीकृत हो। उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, लोअर खंड को उपयुक्त प्रस्ताव तैयार कर जिला योजना एजेंडे में शामिल कराने हेतु निर्देशित किया गया है। साथ ही, शीघ्र ही डिस्ट्रिक्ट प्लानिंग कमेटी की बैठक बुलवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
सिविल सोसाइटी के सचिव अनिल शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार राजीव सक्सेना और असलम सलीमी ने बताया कि यह योजना पूर्व विधायक डॉ. राजेन्द्र सिंह द्वारा मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जा चुकी है, बावजूद इसके इसके क्रियान्वयन की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। योजना के अंतर्गत मानसून में उटंगन नदी में यमुना के बैक फ्लो से बहकर जाने वाले पानी को रोककर जल संचयन किया जाना प्रस्तावित है, जिससे फतेहाबाद, शमसाबाद नगर निकाय सहित कई गांवों की पेयजल आपूर्ति और भूजल रिचार्ज को मजबूती मिलेगी। योजना से लगभग 17 किलोमीटर क्षेत्र के जल बहाव को रोका जा सकता है। बटेश्वर मेले में भी यमुना में ताजे जल की आपूर्ति संभव होगी।
श्रीमती भदौरिया ने कहा कि इससे एक्यूफर सिस्टम में सुधार होगा और जल की गुणवत्ता बेहतर होने से हैंडपंप पुनः सुचारु हो सकेंगे। उन्होंने ज़िला योजना समिति को इस दिशा में सबसे उपयुक्त संवैधानिक मंच बताते हुए शीघ्र बैठक कराने का भरोसा जताया।