आगरा में एपी ज्वेलर्स पर आयकर विभाग की सर्च दूसरे दिन भी जारी, सराफा एसोसिएशन ने उठाए सवाल

आगरा। शहर के प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारी एपी ज्वेलर्स के चार प्रतिष्ठानों नेहरू नगर, किनारी बाजार, चौबे जी का फाटक और विजय नगर पर आयकर विभाग की सर्च कार्रवाई दूसरे दिन भी लगातार जारी रही। आयकर विभाग के अधिकारियों की टीम दस्तावेजों, लेन-देन, खातों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच में जुटी हुई है।

Dec 21, 2025 - 00:34
 0
आगरा में एपी ज्वेलर्स पर आयकर विभाग की सर्च दूसरे दिन भी जारी, सराफा एसोसिएशन ने उठाए सवाल
किनारी बाजार स्थित प्रतिष्ठान के बाहर जमा भीड़।

आगरा। शहर के प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारी एपी ज्वेलर्स के चार प्रतिष्ठानों नेहरू नगर, किनारी बाजार, चौबे जी का फाटक और विजय नगर पर आयकर विभाग की सर्च कार्रवाई दूसरे दिन भी लगातार जारी रही। आयकर विभाग के  अधिकारियों की टीम दस्तावेजों, लेन-देन, खातों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच में जुटी हुई है।

आयकर विभाग टैक्स चोरी की आशंका के तहत इन प्रतिष्ठानों पर सर्च के लिए पहुंचा था। पहले दिन की तरह ही दूसरे दिन भी सभी स्थानों पर अधिकारी तैनात रहे और जांच प्रक्रिया चलती रही।

सराफा एसोसिएशन ने कार्रवाई पर जताई आपत्ति

इस कार्रवाई को लेकर आगरा सराफा एसोसिएशन ने कड़ा विरोध जताया है। एसोसिएशन के महामंत्री अशोक अग्रवाल ने जारी अपने ऑडियो संदेश में आयकर विभाग की कार्रवाई को अन्यायपूर्ण और व्यापारी विरोधी बताया।

उन्होंने कहा कि सर्वे या सर्च की कार्रवाई का दो दिन तक चलना समझ से परे है। यह कार्रवाई सरकार के राजस्व बढ़ाने से अधिक व्यापारियों को परेशान करने जैसी प्रतीत हो रही है। कार्रवाई के चलते न केवल व्यापार ठप पड़ा है, बल्कि जिन ग्राहकों को आभूषणों की डिलीवरी लेनी थी, वे भी परेशान हो रहे हैं। अशोक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यह सर्च है, रेड नहीं, फिर भी इतना लंबा समय लगना व्यापारिक उत्पीड़न की श्रेणी में आता है।

सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान कुछ बड़ी वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिलने की बात सामने आ रही है। हालांकि आयकर विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि नहीं की गई है।

किनारी बाजार स्थित मुख्य प्रतिष्ठान पर दूसरे दिन भी आयकर टीम के पहुंचते ही आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं नेहरू नगर स्थित शोरूम पर पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा। सभी प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है और सभी की निगाहें विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया और कार्रवाई के निष्कर्ष पर टिकी हुई हैं।