आयकर संवाद: प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त 12 दिसंबर को आगरा में करेंगी डायरेक्ट इंटरैक्शन, चैंबर देगा समस्याओं का प्रेज़ेंटेशन
नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी आगरा ने करदाताओं और उद्योग जगत से जुड़े ज्वलंत आयकर मुद्दों को शीर्ष स्तर पर रखने की तैयारी शुरू कर दी है। 12 दिसंबर को होटल होली-डे इन में आयोजित विशेष बैठक में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त यूपी वेस्ट एंड उत्तराखंड श्रीमती अपर्णा करण स्वयं करदाताओं से डायरेक्ट इंटरैक्शन करेंगी, जबकि चैंबर उनके समक्ष मुख्य समस्याओं और सुझावों का विस्तृत इश्यू प्रेज़ेंटेशन देगा।
आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी आगरा के सभागार में चेंबर अध्यक्ष संजय गोयल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी आयकर संवाद कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक का संचालन पूर्व अध्यक्ष एवं आयकर प्रकोष्ठ के चेयरमैन अनिल वर्मा ने किया।
बैठक में बताया गया कि 12 दिसंबर 2025 को होटल होली-डे इन में एक महत्वपूर्ण टैक्स मीटिंग प्रस्तावित है। इसमें प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त यूपी वेस्ट एंड उत्तराखंड श्रीमती अपर्णा करण मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगी। चैंबर प्रतिनिधिमंडल उनके सामने उद्योग जगत की आयकर संबंधी समस्याओं, असंगत नोटिसों, तकनीकी अड़चनों, पोर्टल मुद्दों और अनुपालन से जुड़े सुझावों को विस्तार से रखेगा।
अध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि आयकर विभाग द्वारा जारी लेटेस्ट अपडेट्स और नई अनुपालन व्यवस्थाओं को समझना उद्योग जगत के लिए आवश्यक है, इसलिए यह संवाद अत्यंत उपयोगी रहेगा। आयकर प्रकोष्ठ के चेयरमैन अनिल वर्मा ने बताया कि आयुक्त स्तर के इस सीधे संवाद से करदाता सेवाओं में सुधार की दिशा स्पष्ट होगी और जमीनी समस्याओं का समाधान तेज़ होगा।
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त श्रीमती अपर्णा करण बैठक में करदाताओं से सीधे संवाद करेंगी, विभागीय दृष्टिकोण स्पष्ट करेंगी और उद्योग जगत के सुझावों पर सकारात्मक विचार-विमर्श होगा। यह बैठक विभाग और उद्योग जगत के बीच भरोसे और पारदर्शिता को मजबूत करेगी।
बैठक में चेंबर अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष विवेक जैन, पूर्व अध्यक्ष एवं आयकर प्रकोष्ठ चेयरमैन अनिल वर्मा, सीए दीपेन्द्र मोहन, प्रार्थना जालान, राजकिशोर खंडेलवाल, दीपक महेश्वरी, उमेश गोयल और नीतेश अग्रवाल मौजूद रहे।