दिल्ली–आगरा–राजस्थान तक आयकर का शिकंजा, भोले बाबा डेयरी ग्रुप पर बड़ी छापेमारी
अशोका और रोमसंस ग्रुप पर कार्रवाई के बाद आयकर विभाग ने आगरा के भोले बाबा डेयरी ग्रुप पर बड़ी छापेमारी की है। दिल्ली से आगरा तक 35 ठिकानों पर एकसाथ रेड में करोड़ों का कैश, ज्वैलरी और बेनामी संपत्तियों के सुराग मिले हैं। नकली घी के जरिए टैक्स चोरी और अवैध कमाई का शक है। जांच जारी है।
अशोका ग्रुप –रोमसंस के बाद अब भोले बाबा डेयरी पर आयकर की बड़ी कार्रवाई, नकली घी रैकेट के खुलासे की आहट, करोड़ों का कैश बरामद
आगरा। देश की बड़ी कंपनियों अशोका और रोमसंस ग्रुप पर आयकर छापों के बाद अब आगरा के भोले बाबा डेयरी ग्रुप पर इनकम टैक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार देर शाम से दिल्ली से लेकर आगरा तक एकसाथ छापेमारी शुरू की गई, जिससे डेयरी और खाद्य उत्पाद कारोबार में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, खाद्य उत्पाद कारोबारियों के करीब 35 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई है। इस ऑपरेशन में 150 से अधिक आयकर अधिकारी शामिल हैं, जो कई राज्यों में समन्वित तरीके से जांच कर रहे हैं।
करोड़ों की काली कमाई और नकली घी का शक
आयकर विभाग को संदेह है कि डेयरी कारोबार की आड़ में नकली घी का बड़े पैमाने पर उत्पादन और सप्लाई की जा रही थी। इसी के जरिए करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी और अवैध कमाई की गई। छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये का कैश, सोना-चांदी की ज्वैलरी और बेनामी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सूत्रों के हवाले से सामने आ रही है।
कई कंपनियां जांच के घेरे में
भोले बाबा डेयरी ग्रुप के साथ-साथ दाऊजी मिल्क और पोद्दार मिल्क प्रोडक्ट्स भी जांच के दायरे में आए हैं। माना जा रहा है कि इन कंपनियों के जरिए नकली घी को बाजार में खपाया गया और फर्जी बिलिंग के माध्यम से टैक्स चोरी की गई।
कई राज्यों में एकसाथ कार्रवाई
आयकर विभाग की यह कार्रवाई कई राज्यों में फैली हुई है। उत्तर प्रदेश के आगरा, कानपुर, मथुरा, अलीगढ़, एनसीआर के दिल्ली, गौतमबुद्ध नगर और राजस्थान के भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर, इन सभी जगहों पर डेयरी कारोबार से जुड़े ट्रेडर्स, सप्लायर्स और गोदामों की गहन जांच जारी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग को भी भेजी जाएगी रिपोर्ट
नकली घी से जुड़े गंभीर आरोपों को देखते हुए आयकर विभाग खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को भी अपनी रिपोर्ट भेजने की तैयारी में है। इसके बाद नकली घी की सैंपलिंग, लैब जांच और आगे कानूनी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।