भारत ने बांग्लादेश को दिखाया आईना, पहले अपने देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करें

नई दिल्ली। भारत ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ कानून को लेकर हुई हिंसा पर बांग्लादेश की टिप्पणी को सख्ती से खारिज करते हुए उसे गलत और बेबुनियाद बताया है।

Apr 18, 2025 - 20:54
Apr 18, 2025 - 21:27
 0
भारत ने बांग्लादेश को दिखाया आईना, पहले अपने देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करें

विदेश मंत्रालय ने कहा कि बांग्लादेश को भारत पर टिप्पणी करने के बजाय अपने देश में अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा पर ध्यान देना चाहिए।

बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के प्रेस सचिव ने भारत से अपील की थी कि वह हाल ही में मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा में मुस्लिम अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। इस हिंसा में तीन लोगों की मौत हुई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे।

इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हम पश्चिम बंगाल की घटनाओं पर बांग्लादेश की टिप्पणी को सिरे से खारिज करते हैं। यह एक गलत प्रयास है, जिससे बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों से ध्यान भटकाया जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा, बांग्लादेश को अच्छाई दिखाने की बजाय यह देखना चाहिए कि उसके देश में धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की स्थिति क्या है। वहां मंदिरों में तोड़फोड़, पुजारियों पर हमले और अल्पसंख्यकों की गिरफ्तारी जैसे गंभीर मामले सामने आ चुके हैं।

ज्ञात हो कि पिछले वर्ष बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद से कट्टरपंथी ताकतें सक्रिय हो गई हैं। इस दौरान करीब 200 से अधिक मंदिरों में तोड़फोड़, पुजारियों पर हमले और धार्मिक त्योहारों के समय हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं।

भारत ने इन घटनाओं को लेकर बार-बार बांग्लादेश सरकार के समक्ष चिंता व्यक्त की है, लेकिन स्थिति में विशेष सुधार नहीं देखा गया है। अब जब बांग्लादेश भारत पर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर टिप्पणी कर रहा है, भारत ने उसे दो टूक जवाब देते हुए कहा है कि पहले वह अपने घर के हालात ठीक करे।