ईरान इजरायल युद्ध के असर से अछूता नहीं रहेगा भारत भी
इजरायल पर ईरान के हमले का असर भारत पर भी पड़ने के आसार हैं। इस युद्ध का सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ेगा। इससे भारत में महंगाई बढ़ने की संभावना है। यही नहीं शेयर बाजार पर भी इसका असर सीधा दिखाई देगा।
आगरा। कल देर रात इजरायल पर ईरान के हमले के बाद पूरी दुनिया में हलचल है। इसका असर कई देशों की अर्थव्यवस्था पर पड़ने के आसार हैं। भारत का स्टाक मार्केट और महंगाई पर भी इसका व्यापक असर होने की संभावना जताई जा रही है।
बता दें कि हमारे देश में जितनी पेट्रोल डीजल की जरूरत है, उसका केवल 20 प्रतिशत ही हमारे देश में उत्पादन होता है। शेष 80 प्रतिशत तेल हम आयात करते हैं। हमारे देश में पेट्रोल डीजल की महंगाई का सीधा असर बाजार पर दिखाई देता है।
इसका प्रमुख कारण माल ढुलाई के लिए सड़क यातायात पर हमारी निर्भरता है। अगर पेट्रोल या डीजल के दाम बढ़ते हैं तो इसका सीधा असर भारत में दूध और सब्जियों के दाम से लेकर अन्य जरूरी चीजों के दाम पर होगा।
कल रात हुए हमले के बाद आज कच्चे तेल की कीमतों में चार प्रतिशत की तेजी आ गई। ब्रेंट फ्यूचर का रेट 3.5 प्रतिशत बढ़कर 74.2 डालर प्रति बैरल हो गया। वहीं अमेरिका वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड आयल का भाव 3.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 70.7 डालर प्रति बैरल हो गया है।
अगले हफ्ते आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक में रेपो रेट में कटौती का फैसला लिया जाएगा। आने वाले फेस्टिव सीजन मे देश के अंदर डिमांड को बढ़ाने के लिए आरबीआई को संतुलन बनाना होगा।
भारतीय शेयर बाजार पर भी अंतरराष्ट्रीय हलचलों का असर होता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट आई है। एप्पल, माइक्रोसाफ्ट के शेयर में बड़ी गिरावट हुई है। इसका सीधा असर भारत के शेयर बाजार पर दिखाई देगा।