भारतीय जांबाजों ने पाक के आठ मिसाइल मार गिराए
जम्मू। पाकिस्तान से तनाव के बीच जम्मू में गुरुवार रात 8 बजे ब्लैकआउट कर दिया गया। पाकिस्तान की तरफ से भारी शेलिंग हो रही है। कई ड्रोन देखे गए हैं। आरएसपुरा में पाकिस्तान की तरफ से भारी शेलिंग हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कई जगह धमाके की आवाज आई है। इस बीच भारतीय जांबाजों ने पाकिस्तान की आठ मिसाइलें मार गिराई हैं।
सरहदी राज्य पंजाब, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान हाई अलर्ट पर हैं। पंजाब के गुरुदासपुर, राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर में रोजाना रात 9 बजे सुबह 5 बजे तक ब्लैआउकट रहेगा।
इन शहरों के लिए स्थानीय प्रशासन ने गाइडलाइन जारी कर दी हैं। श्रीगंगानगर, बीकानेर में प्रशासन ने ड्रोन उड़ाने और आतिशबाजी पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।
रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार दोपहर 2.30 बजे बताया कि पाकिस्तान ने उत्तर और पश्चिम भारत के शहरों को भी निशाना बनाया। इस दौरान अवंतिपोरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नाल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज में ड्रोन्स और मिसाइलें दागी गई थीं। इन्हें भी नाकाम कर दिया गया।
भारतीय सेना ने पहले ही सीमाओं पर रूस से मिले एस-400 एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम को तैनात कर रखा है, जैसे ही पाकिस्तान ने मिसाइलों से हमला किया, इस सिस्टम को एक्टिव कर दिया गया।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि पाकिस्तान के हमलों के बाद आज सुबह भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में कई स्थानों पर हार्पी ड्रोन से वहां के एयर डिफेंस रडार और सिस्टम को निशाना बनाया। भारत की कार्रवाई उसी क्षेत्र में, तेजी के साथ की गई है जैसी पाकिस्तान ने की थी। सूत्रों ने बताया कि लाहौर, सियालकोट, कराची में एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया गया।