ईएसआईसी की स्प्री व न्यू एमनेस्टी स्कीम 2025 पर उद्योग जगत को मिला मार्गदर्शन
आगरा। आगरा के सिकंदरा स्थित डावर फुटवियर इंडस्ट्रीज में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा स्प्री योजना एवं न्यू एमनेस्टी स्कीम 2025 के तहत एक महत्वपूर्ण जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य उद्योग जगत के नियोजकों और एचआर प्रतिनिधियों को इन योजनाओं के लाभ, उद्देश्य और पंजीकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देना रहा, ताकि अधिक से अधिक कर्मचारी और संस्थान इनका लाभ उठा सकें।
डावर फुटवियर इंडस्ट्रीज में सेमिनार, कर्मचारी-नियोजक कल्याण पर रहा फोकस
आगरा। आगरा के सिकंदरा स्थित डावर फुटवियर इंडस्ट्रीज में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा स्प्री योजना (Special Registration Drive – SPREE) एवं न्यू एमनेस्टी स्कीम 2025 के तहत एक महत्वपूर्ण जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य उद्योग जगत के नियोजकों और एचआर प्रतिनिधियों को इन योजनाओं के लाभ, उद्देश्य और पंजीकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देना रहा, ताकि अधिक से अधिक कर्मचारी और संस्थान इनका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में ईएसआईसी कानपुर की उपनिदेशक अनीता सुरेश मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की संस्था डेवलपमेंट काउंसिल फॉर फुटवियर एंड लेदर इंडस्ट्रीज (DCFLI) के चेयरमैन पूरन डावर विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए।
अपने संबोधन में पूरन डावर ने ईएसआईसी द्वारा कर्मचारियों के सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्प्री योजना और न्यू एमनेस्टी स्कीम जैसे कदम उद्योगों को नियमों के दायरे में लाकर कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार प्रदान करते हैं।
वहीं उपनिदेशक अनीता सुरेश ने उपस्थित एचआर हेड्स और उद्योग प्रतिनिधियों को स्प्री योजना और न्यू एमनेस्टी स्कीम 2025 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से अपंजीकृत इकाइयों और कर्मचारियों को ईएसआईसी के दायरे में लाने का अवसर दिया जा रहा है, जिससे कर्मचारी चिकित्सा सुविधा, बीमा और अन्य कल्याणकारी लाभ प्राप्त कर सकें।
सेमिनार में ईएसआईसी ब्रांच मैनेजर साहूकार अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम में मेट्रो एंड मेट्रो से दीपक डे, शिवलाल पब्लिकेशन से संजय शर्मा, शारदा यूनिवर्सिटी से डॉ. खालिद, बिरोला इंटरनेशनल से सुमित भदोरिया, लाम्बा फुटवियर से पंकज गौतम सहित कई प्रतिष्ठित उद्योग प्रतिनिधियों ने सहभागिता की और योजनाओं से जुड़े सवालों पर संवाद किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डावर फुटवियर इंडस्ट्रीज के एचआर हेड राजीव मिश्रा एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। सेमिनार के अंत में प्रतिभागियों ने इस पहल को उद्योग और कर्मचारियों दोनों के लिए लाभकारी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों की निरंतरता की आवश्यकता जताई।