Live News: बच्चों की जिद में हो गई जेब ढीली, कोई लाखों के पटाखे खरीद रहा तो कोई दाम सुन उल्टे पांव लौट रहा
आगरा। आगरा में बीती रात पटाखों के बाजार सज गए मगर यहां मंहगाई बम ज्यादा फूटे। पटाखों के दामों पर जैसे कोई नियंत्रण नहीं दिखा। न ही इसे लेकर कोई पॉलिसी नजर आई। बगल की दुकानों पर ही एक जैसे ब्रांड और आइटम पर 200 से 300 रुपए का अंतर नजर आया। इसे लेकर ग्राहकों और दुकानदारों में काफी झिकझिक हुई।
रात करीब 10 बजे कमलानगर के रहने वाले सत्यम अपने बच्चों को पटाखे दिलाने सुल्तानगंज की पुलिया पर पर सजे पटाखा बाजार में आए। मुर्गा की 10 चकरी का मीडियम साइज पैकेट 400 रुपए में और 10 अनार का पैकेट 600 रुपए में खरीदा। किस्मत अच्छी थी कि रॉकेट लेने बगल वाली दुकान पर चले गए। यहां पता लगा कि जो दो आइटम 1000 के खरीदे हैं वह इस वाली दुकान पर 700 में ही मिल जाएंगे। बाद फिर क्या था। दिवाली से पहले लड़ाई झगड़े वाली फुलझडियां फूटने लगीं। विजय नगर के रहने वाले सुनील कुमार बच्चों के लिए छोटे छोटे पटाखे लेने आए। जो पॉप पॉप इतने दिन से अपने घर के नजदीक 10 रुपए की डिब्बी खरीदते थे वो पटाखा बाजार में 15 की बिकती दिखी। दूसरी कंपनियों के कुछ पटाखे खरीदे लेकिन जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ी। आखिर में झुंझलाहट निकल ही गई। विक्रेता से कहा कि यहां लुटने नहीं आए हैं। लगता है जैसे अंधी चल रही है। सैम ब्रांड के पटाखे लेकिन रेट सब पर अलग अलग हैं। जैसे दाम निर्धारित ही न हों। एमआरपी वगैरह से कोई मतलब ही नहीं है। जो आइटम पिछले साल 700 रुपए में खरीदा था उस पर इस बार एमआरपी 1400 रुपए पड़ी हुई है। सरकार और प्रशासन को यह सब देखना चाहिए। फिलहाल मार्केट का हाल यह है कि जिसकी जैसे जेब 50 रुपए से लेकर 15000 रुपए के आइटम मौजूद हैं। खरीदने वाले लाखों के पटाखे खरीद रहे हैं जबकि तमाम लोग ऐसे भी हैं जो दाम सुनकर उल्टे पांव लौट रहे हैं। कुछ लोग बच्चों की जिद पूरी करने के लिए मजबूरन भी खरीद रहे हैं।
शहर में नौ स्थानों पर हरित आतिशबाजी की पांच दिन तक बिक्री होगी। 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक के लिए 338 अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए हैं।
कोठी मीना बाजार का खाली मैदान, थाना शाहगंज में- 100,
जीआईसी का खाली मैदान थाना लोहामण्डी में- 35
सेक्टर 11 व 15 का पार्क थाना सिकन्दरा में -50
वैप्टिस्ट हायर सेकेन्ड्री स्कूल का खाली मैदान साईं की तकिया थाना रकाबगंज में -15
कम्पनी गार्डन का खाली मैदान थाना सदर में -17
तालाब किनारे रूनकता थाना सिकन्दरा में- 20
बाईपास रोड अब्बूलाला की दरगाह का खाली मैदान थाना न्यू आगरा में -06
शक्ति नगर, खाली मैदान थाना सदर बाजार में -15
मेहताबाग पार्किंग के सामने खुले मैदान में थाना एत्माददौला में- 80