चैंबर भवन में औद्योगिक प्रतिनिधियों को दी गई पीएम विकसित भारत रोजगार योजना की जानकारी

आगरा। भारत सरकार द्वारा रोजगार सृजन, सामाजिक सुरक्षा और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना को लेकर आगरा में व्यापक जानकारी और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, आज चैम्बर सभागार में आयोजित बैठक में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के अधिकारियों ने औद्योगिक प्रतिनिधियों को योजना के प्रमुख बिंदुओं से अवगत कराया।

Nov 17, 2025 - 18:47
 0
चैंबर भवन में औद्योगिक प्रतिनिधियों को दी गई पीएम विकसित भारत रोजगार योजना की जानकारी
नेशनल चैंबर भवन में प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के बारे में जानकारी देते भविष्य निधि संगठन के अधिकारी। साथ मौजूद हैं चैंबर के पदाधिकारी। 

बैठक की अध्यक्षता चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल ने की, जबकि श्रम कल्याण प्रकोष्ठ के चेयरमैन श्रीकिशन गोयल ने विशेष अतिथि के रूप में सहयोग किया। कार्यक्रम में ईपीएफओ के सहायक आयुक्त मिथिलेश कुमार चौधरी, प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती मोनिका कुलश्रेष्ठ, श्री श्रवण कुमार मिश्रा, राहुल कुमार वर्मा, और सुमित पाल मौजूद रहे।

सहायक आयुक्त मिथिलेश कुमार चौधरी ने कहा कि पीएम-वीबीआरवाई का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को औपचारिक क्षेत्र में रोजगार प्रदान करना है। यह योजना उन नियोक्ताओं के लिए लाभकारी है जो नई भर्ती करते हैं और कर्मचारियों का पीएफ में पंजीकरण कराते हैं। उन्होंने बताया कि एक लाख करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ सरकार दो वर्षों के भीतर 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित करने की दिशा में काम कर रही है।

प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती मोनिका कुलश्रेष्ठ ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत, ₹1 लाख तक के मासिक वेतन वाले कर्मचारियों के ईपीएफ योगदान का एक हिस्सा सरकार वहन करेगी। ऐसे में नियोक्ता बिना अतिरिक्त वित्तीय बोझ के नए रोजगार उत्पन्न कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पहली बार पीएफ में पंजीकृत कर्मचारी को सरकार दो किस्तों में एक माह का वेतन बतौर प्रोत्साहन देगी, जिसकी अधिकतम सीमा 15,000 रुपये है।

इसी क्रम में प्रवर्तन अधिकारी श्रवण कुमार मिश्रा ने कर्मचारी नामांकन योजना (ईईसी), 2025 के बारे में भी जानकारी दी, जिसे 1 नवंबर 2025 से लागू किया गया है। इस योजना के अंतर्गत नियोक्ता जुलाई 2017 से अक्टूबर 2025 तक छूट गए पात्र कर्मचारियों को बिना दंड नामांकित कर सकते हैं।

चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि ये योजनाएं आगरा के व्यापारिक समुदाय और उद्योग जगत के लिए "गोल्डन अपॉर्च्युनिटी" हैं। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार की स्थिति बेहतर होगी और कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा भी मिलेगी। भविष्य निधि से जुड़ी सभी योजनाओं के अधिकतम लाभ के लिए ईपीएफओ द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे।

अधिक जानकारी के इच्छुक व्यक्ति ईपीएफओ की आधिकारिक वेबसाइट या हरिपर्वत, संजय पैलेस स्थित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल, उपाध्यक्ष विवेक जैन, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष एवं श्रम कल्याण प्रकोष्ठ के चेयरमैन श्रीकिशन गोयल, सदस्य गिरीश चंद्र गोयल, राजेंद्र सिंह, श्वेत कौल कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor