एक पहल के नन्हें चेहरों पर खिला उजियारा, लॉयन्स क्लब आइडियल ने भरी शिक्षा की नई ऊर्जा
दयालबाग स्थित एक पहल स्कूल के 750 विद्यार्थियों के लिए मंगलवार का दिन विशेष खुशियों से भरा रहा, जब लॉयन्स क्लब ऑफ आगरा आइडियल ने सर्विस मीट के तहत न केवल सभी विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री प्रदान की, बल्कि स्कूल को एक फोटो कॉपी मशीन भी भेंट की। इस सेवा कार्य ने विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। विदेशी मेहमानों के स्नेह, भारतीय परंपरा के स्वागत व बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भावनाओं और उत्साह से भर दिया।
-क्लब के इंटरनेशनल डायरेक्टर डेबी डेवसन और पीआईडी जितेन्द्र चौहान और अन्य पदाधिकारियों ने 750 विद्यार्थियों भेंट की पाठ्य सामग्री और फोटोस्टेट मशीन।
लॉयन्स क्लब ऑफ आगरा आइडियल ने यह सेवा कार्यक्रम एक पहल स्कूल में ही आयोजित किया। क्लब के पदाधिकारियों ने विद्यालय के 750 विद्यार्थियों को आवश्यक पाठ्य सामग्री वितरित और एक फोटो कॉपी मशीन प्रदान की तो सभी के चेहरों पर खुशी झलक रही थी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षिक आवश्यकताओं को सशक्त करना और उनकी पढ़ाई में सहूलियत प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ इंटरनेशनल डायरेक्टर व मुख्य अतिथि लायन डेबी डेवसन और पीआईडी लॉयन जितेन्द्र चौहान द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विदेशी मेहमान जैसे ही विद्यालय पहुंचे, विद्यार्थियों ने ढोल-नगाड़ों व अभिनंदन गीतों से उनका स्वागत किया। भारतीय संस्कृति और परंपरा से अभिभूत होकर दोनों अतिथियों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा विद्यालय प्रांगण में पौधारोपण भी किया।
विद्यार्थियों ने इस अवसर पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें देशभक्ति गीतों व लोकनृत्यों की झलक ने सभी का मन मोह लिया। लॉयन्स क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर-2 अजय भार्गव ने बच्चों को मेहनत, ईमानदारी और लगन से पढ़ाई करने की प्रेरणा दी तथा कहा कि शिक्षा ही वह दीपक है जो जीवन के अंधकार को मिटा सकता है।
क्लब अध्यक्ष लव गोयल और संयुक्त सचिव तुषार अग्रवाल ने अतिथियों को पटका पहनाकर व विद्यार्थियों द्वारा बनाई कलाकृतियां भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि क्लब सदैव महिला सशक्तिकरण, बाल शिक्षा और सामाजिक उत्थान के कार्यों में अग्रणी रहेगा। कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष गौरव अग्रवाल, सचिव अनुराग अग्रवाल और मुदित अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर शोभिक गोयल, कपिल ग्रवाल, रंजीत गुप्ता, जयेश सिंघल, हर्षित अग्रवाल, शिवम गर्ग आदि गणमान्य उपस्थित रहे।