आगरा के उद्योगों को वैश्विक पटल पर स्थापित करने की पहल, इंडो-अमेरिकन बिजनेस चैंबर ऑफ एसएमई ने आगरा के उद्यमियों संग की परिचर्चा

आगरा। आगरा के उद्योगों और उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक निर्णायक पहल करते हुए इंडो-अमेरिकन बिजनेस चैंबर ऑफ एसएमई द्वारा आगरा के औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों के साथ एक अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। एमजी रोड स्थित होटल होलीडे इन में आयोजित इस कार्यक्रम में वैश्विक बाजार में आगरा के उत्पादन को पहुंचाने, निर्यात बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्किंग को मजबूत करने पर गहन चर्चा हुई।

Jan 15, 2026 - 19:48
 0
आगरा के उद्योगों को वैश्विक पटल पर स्थापित करने की पहल, इंडो-अमेरिकन बिजनेस चैंबर ऑफ एसएमई ने आगरा के उद्यमियों संग की परिचर्चा
इंडो-अमेरिकन बिजनेस चैंबर ऑफ एसएमई द्वारा आगरा के औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों के साथ आयोजित की गई परिचर्चा में मौजूद आगरा के उद्यमी और बिजनेस चैंबर के पदाधिकारी।

उद्यमिता पर चर्चा करते हुए इंडो-अमेरिकन बिजनेस चैंबर ऑफ एसएमई (इंडिया) के अध्यक्ष डॉ. अजय प्रकाश मिश्रा ने कहा कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उद्यमियों के बीच संपर्क, संवाद और समन्वय बढ़ाया जाए तो आगरा का उद्योग नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि इंडो-अमेरिकन बिजनेस चैंबर ऑफ एसएमई भारत सरकार और प्रदेश सरकार के साथ मिलकर एसएमई सेक्टर के लिए नवाचार, नेटवर्किंग और इंडस्ट्रियल टूर जैसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करता है।

मुख्य अतिथि लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि जब भारतीय उत्पाद वैश्विक बाजार में जाते हैं, तो देश में विदेशी मुद्रा आती है और इससे भारतीय अर्थव्यवस्था सशक्त होती है। इंडो-अमेरिकन बिजनेस चैंबर ऑफ एसएमई के प्रयास भारतीय उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।

मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में निर्यात के क्षेत्र में चौथे स्थान पर है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगरा ऐसा जिला है, जहां निर्यात की असीम संभावनाएं हैं।

कार्यक्रम में चैंबर के उत्तर प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी डॉ. शिवा मिश्रा तथा यूपी चैप्टर के कन्वीनर अमित झा, नेशनल चैंबर के पूर्व उपाध्यक्ष अंबा प्रसाद गर्ग, शू सोल एंड कंपोनेंट संगठन के उपाध्यक्ष संजय अरोड़ा, आगरा ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट संगठन के अध्यक्ष अमित मोरनी, महासचिव नितिन अग्रवाल, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन से शुभम सिंगल, चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन से अपरार्क शर्मा, विवेक मोहन अग्रवाल, राधेश्याम शर्मा, आशीष अग्रवाल सहित अनेक उद्यमी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor