आगरा के बासौनी क्षेत्र में पुराने कुएं में उतरे मासूम बालक की दर्दनाक मौत, ननिहाल में हुआ हादसा
आगरा। थाना बासौनी क्षेत्र के पुरेतनपुरा (बरहा) गांव में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां पुराने और बंद पड़े कुएं में गिरकर 10 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मासूम सनी साइकिल निकालने के लिए नानी की साड़ी कमर में बांधकर कुएं में उतरा था, लेकिन साड़ी टूटते ही वह गहराई में जा गिरा। इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया।
मृतक बालक सनी अपनी ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके माता-पिता बाह क्षेत्र के पार्वतीपुरा में रहते हैं। परिजनों के अनुसार, कुछ बच्चों ने सनी से कहा कि कुएं में साइकिल पड़ी है। इसी बात पर भरोसा कर सनी ने नानी की साड़ी को सहारे के रूप में इस्तेमाल किया और कुएं में उतर गया। बालक सनी ने नानी की साड़ी से धजीर (रस्सी) बनाई थी और उसी को कमर में बांधकर कुएं में उतरा था। धजीर टूटने की वजह से सनी कुएं में जा गिरा।

कुएं से सनी के शव को बाहर निकालते ग्रामीण।
घटना के बाद रविवार रात को परिजन बालक कुएं की तलाश करते रहे, लेेकिन उसका पता नहीं चला। सोमवार को एक बच्ची ने परिजनों को बताया कि सनी कुएं में गिर गया है। सूचना मिलते ही मामा रामधुन सहित परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन कुएं में कुछ नजर नहीं आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब 24 घंटे बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की मौजूदगी में ग्रामीणों की मदद से कुएं से सनी का शव बाहर निकाला गया। कुएं से शव को बाहर निकालने के लिए पहले यह जांचा गया कि कुएं में गैस तो नहीं है। इसके बाद पड़ोस के गांव के भूप सिंह ने कुएं में उतरकर सनी के शव को बाहर निकाला।
शव निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इस हादसे से जहां माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ननिहाल पक्ष भी गहरे सदमे में है, क्योंकि सनी लंबे समय से वहीं रहकर पढ़ाई कर रहा था। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है। बालक सनी तीन भाई-बहनों में मंझला था। सबसे बड़ी बहन सोना है जो 12 साल की है जबकि छोटा भाई मनी आठ साल का है। बेटे का शव देखकर मां मीरा तो बेसुध हो गई जबकि पिता संजू सदमे में है।
मामा रामधुन ने कहा कि वे तो अच्छी शिक्षा-दीक्षा के लिए भांजे सनी को अपने घर लाए थे, लेकिन यहां हुए हादसे ने हम पर जीवन भर का कलंक लगा दिया। बालक सनी की निडरता का जिक्र करते हुए रामधुन भावुक हो गये।