आगरा के कुतकपुर गोला में दो बच्चों के बीच हुई मारपीट में एक मासूम की मौत
फतेहाबाद, आगरा। गांव कुतकपुर गोला शुक्रवार को उस वक्त मातम में डूब गया जब एक मामूली झगड़ा एक मासूम की जान ले गया। गांव के दो बच्चों के आपसी झगड़े में लगी चोट से एक बालक की मौत हो गई।
-फतेहाबाद पुलिस जांच में जुटी, आरोपी किशोर से की जा रही पूछताछ
मृत बच्चे का नाम अजय उर्फ करुआ (उम्र लगभग 10 वर्ष) पुत्र सुरेश चंद्र है। अजय का विवाद गांव के ही एक दूसरे बच्चे से मामूली बात को लेकर हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बालक गांव के भानुप्रताप सिंह त्यागी की परचून दुकान पर मक्का के भुट्टों से दाने निकाल रहे थे। इस दौरान अजय ने कुछ दाने खाकर वहीं थूक दिया, जिससे बात बढ़ गई। इसी बात को लेकर दोनों बालकों में मारपीट होने लगी। एक किशोर द्वारा किए गए वार से अजय के गुप्तांगों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद अजय को तत्काल फतेहाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, कई घंटे के उपचार के बाद अजय की मौत हो गई। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मां दिव्यांग, पिता का साया पहले ही उठ चुका
जानकारी के अनुसार, अजय के पिता सुरेश चंद्र की कुछ वर्ष पूर्व बीमारी से मृत्यु हो गई थी। उसकी मां अनीता पहले से ही दिव्यांग हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद खराब है। अजय का बड़ा भाई अतुल वर्तमान में अपने मामा धर्मेंद्र के साथ गढ़ी मोहनलाल में रह रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, शव पोस्टमार्टम को भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी अमरदीप और इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपी बालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है कि घटना जानबूझकर की गई या दुर्भाग्यपूर्ण हादसा थी।
गांव में मासूम की दर्दनाक मौत से हर कोई स्तब्ध है। लोगों ने प्रशासन से अजय के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।