आगरा में रुक-रुक हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित, जलभराव पैदा कर रहा सर्वाधिक परेशानी
आगरा। बीते कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने ताज नगरी का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। आज दोपहर से बारिश फिर शुरू हो चुकी है जो अब भी जारी है। तेज बरसात के कारण जहां सड़कों पर जगह-जगह जलभराव हो गया है, वहीं लोगों के लिए अन्य समस्याएं भी पैदा हो रही हैं। रविवार सुबह से शुरू हुई बारिश का सिलसिला बुधवार तक रुक-रुक कर जारी है।
लगातार हो रही बारिश की वजह से कुछ ऐसी हालत हो चली है आगरा की।
लगातार हो रही बरसात से गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली है। न्यूनतम तापमान में भी कमी आई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 3 जुलाई तक बादल छाए रहेंगे और बरसात जारी रहेगी, जबकि 4 जुलाई के बाद मौसम साफ हो सकता है।
रुक-रुक हो रही बारिश उन परिवारों के लिए आफत समान है, जिनके मकान जर्जर हैं। एत्माद्दौला क्षेत्र के गौतम नगर में सोमवार को तेज बारिश के बीच एक सामुदायिक भवन का एक हिस्सा भरभरा कर ढह गया था। गनीमत रही कि हादसे के समय भवन में कोई मौजूद नहीं था।
बरसात के इस मौसम में सबसे ज्यादा खतरा विद्युत खंभों में उतर रहे करंट से है। बाह क्षेत्र में करंट लगने के कई हादसे हो चुके हैं। शहर के प्रकाश नगर में बिजली के खंभे में करंट आने से चार गायें आ चुकी हैं, जिसमें तीन गायों की मौत भी हो चुकी है।
बारिश के दौरान एमजी रोड और नेशनल हाईवे पर मेट्रो निर्माण की बेरिकेडिंग भी लोगों की मुसीबतें बढ़ा रही है। बरसात में जलभराव और ट्रैफिक जाम की वजह से वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रहे हैं। लोगों को दफ्तर और ज़रूरी कामों के लिए घंटों ट्रैफिक में फंसना पड़ रहा है।