लॊयंस के इंटरनेशनल प्रेसिडेंट ने रखी वेलफेयर होम की आधारशिला, ताज भी देखा
आगरा। 15 दिन के भारत दौरे पर आए लाॊयंस इंटरनेशनल के अध्य़क्ष फैब्रिशियो ओलिविरा आज आगरा में थे। दिन में उन्होंने सपत्नीक ताजमहल का दीदार किया तो शाम को लायंस क्लब आगरा विशाल के एक बड़े प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी। इस क्लब द्वारा अरतौनी में वेलफेयर होम बनवाया जा रहा है, जिसमें ब्लड बैंक और डायलिसिस की सुविधा लागत मूल्य पर मिलेगी तो इसी छत के नीचे कौशल विकास केंद्र भी संचालित होगा, जहां महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम होगा।
− अरतौनी में बनेगा विशाल वेलफेयर होम, साथ में बनेगा कौशल विकास केंद्र भी
-लॊयंस क्लब आगरा विशाल का है यह प्रोजेक्ट, यहां निर्धन और असहायों की होगी सहायता
− लॉयंस क्लब के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष फैब्रिशियो ओलिवेरा का विशाल के सदस्यों ने किया भव्य स्वागत
सोमवार को आगरा आए लायंस इंटरनेशनल के अध्यक्ष फैब्रिशियो ओलिवेरा ने विशाल वेलफेयर होम की आधारशिला वर्चुअल रखी। ताज रोड स्थित होटल ताज कन्वेंशन बैंक्वेट हॉल में लॉयंस क्लब विशाल द्वारा सोमवार को स्वागत एवं अधारशिला समारोह आयोजित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष फैब्रिशियो ओलिवेरा, लॊयंस के पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेंद्र चौहान, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबिता चौहान, मल्टीपल काउंसिल चेयरपर्सन पंकज बिजलवान, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. स्वाति माथुर, वरिष्ठ सदस्य अजय बंसल, अध्यक्ष हेमेंद्र अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन किया। कार्यक्रम अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
क्लब के अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कहा कि आगरा के निकट अरतौनी में लॉयंस क्लब विशाल द्वारा दस करोड़ रुपये की लागत का विशाल वेलफेयर होम बनने जा रहा है। वेलफेयर होम में लागत मूल्यों पर जरूरतमंद लोग ब्लड बैंक एवं डायलिसिस सेंटर की सुविधा ले सकते हैं। यहीं पर ग्रामीण महिलाओं के लिए कौशल विकास केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां महिलाएं स्वरोजगार की राह तलाश सकेंगी। प्रदेश में लॉयंस क्लब द्वारा यह पहला प्रयास किया जा रहा है।
लॊयंस इंटरनेशनल के अध्यक्ष फैब्रिशियो ओलिवेरा ने क्लब द्वारा किये जा रहे सेवा कार्यों को सराहा। पूर्व इंटरनेशनल डाइरेक्टर जितेंद्र चौहान ने क्लब द्वारा लगाए जाने वाले विशाल स्वास्थ्य शिविर के बारे में अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष को बताया। कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशाल द्वारा दी जा रहीं सेवाएं अतुलनीय हैं। संस्था के वरिष्ठ सदस्य अजय बंसल ने कहा कि क्लब हर वर्ष पित्ताशय, मोतियाबिंद के निःशुल्क आपरेशन करवाता है और विशाल स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाता है।
अध्यक्ष हेमेंद्र अग्रवाल एवं सीमा अग्रवाल ने क्लब की ओर से लॊयंस अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष फैब्रिशियो ओलिवेरा एवं उनकी पत्नी का विशेष स्वागत एवं सम्मान उपहार भेंट कर किया।
इसके बाद सजी सांस्कृतिक संध्या, जिसमें वृंदावन के कलाकारों द्वारा फूलों की होली, मयूर नृत्य आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। इस अवसर पर राजेंद्र अग्रवाल, रविंद्र अग्रवाल, सुनील बंसल, मनोज कुमार अग्रवाल, नरेश जैन, रविशंकर अग्रवाल, हरिमोहन गर्ग, सुशील गुप्ता आदि उपस्थित उल्लेखनीय रही।
ताज को देख अभिभूत दिखे ओलिवेरा
आगरा। लायंस क्लब्स इंटरनेशनल के अध्यक्ष फैब्रिशियो ओलिवेरा ने आज सपत्नीक विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार किया। ताजमहल की खूबसूरती की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यह इमारत इतनी अद्वितीय है कि इसे बार-बार देखने का मन करता है। उन्होंने वर्षों पुरानी इच्छा पूरी होने पर अपने अभिभूत होने की भावना भी साझा की।
फैब्रिशियो ओलिवेरा इस समय भारत में लायंस क्लब द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सहायता कार्यक्रमों के निरीक्षण के लिए 15 दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। लायंस क्लब इंटरनेशनल एक वैश्विक सेवा संगठन है, जिसका मुख्यालय अमेरिका में स्थित है। यह संस्था 200 देशों में सक्रिय है और इसके 1.4 मिलियन सदस्य हैं। भारत में इसे 10 मल्टीपल जोन में विभाजित किया गया है, जिनमें 1218 क्लब और 30718 सदस्य शामिल हैं। मंडल 321सी2 के सभी क्लब निर्धन लड़कियों की शादी कराना, जरूरतमंद बच्चियों की पढ़ाई के लिए फीस आदि देना, हैंडीकैप के लिए कैलीपर्स , व्हीलचेयर आदि देना, अन्न दान करना, डायबिटीज, कैंसर एवं अन्य बीमारियों से निजात दिलाने हेतु कार्यशील हैं।
इससे पूर्व आगरा पहुंचने पर मंडल 321 C2 की अध्यक्ष डॉ. स्वाति माथुर ने इंटरनेशनल प्रेसिडेंट का स्वागत किया और मंडल द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। ओलिवेरा ने मंडल के कार्यों की सराहना की और समाज के वंचित वर्गों तक सेवा का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को लायंस क्लब से जोड़ने और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वागत करने वालो में पूर्व इंटरनेशनल डाइरेक्टर जितेंद्र सिंह चौहान, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबीता चौहान, मल्टीपल कोऑर्डिनेटर अरुण पुरी, मंडल के गाइड डॉ सरन प्रसाद, मंडल सचिव सुरेंद्र पाल सरीन, कोषाध्यक्ष आलोक माथुर, जोन चेयरपर्सन लीना माथुर, जीएलटी कोऑर्डिनेटर अजय भार्गव, डिस्ट्रिक्ट पीआरओ अनुराग तथा क्लब के अन्य पदाधिकारी आदि मौजूद थे।