अंतरराष्ट्रीय योग दिवसः ताजमहल के पीछे सूर्यास्त के बाद गूंजा योग का स्वर

आगरा। ताजमहल के पीछे स्थित ग्यारह सीढ़ी पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन एवं आर्ट ऑफ लिविंग के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य योग शिविर आयोजित किया गया। आमतौर पर योग कार्यक्रम सुबह संपन्न होते हैं, लेकिन इस बार सूर्यास्त के समय हुआ यह योग शिविर विशेष आकर्षण का केंद्र बना।

Jun 21, 2025 - 21:23
 0
अंतरराष्ट्रीय योग दिवसः ताजमहल के पीछे सूर्यास्त के बाद गूंजा योग का स्वर
ताजमहल के पीछे ग्यारह सीढ़ी पार्क में सूर्यास्त के बाद हुए योगाभ्यास की एक झलक।  

-ग्यारह सीढ़ी पार्क में हुआ योग शिविर, सैकड़ों ने लिया सहभाग

कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग शिक्षकों ने प्रतिभागियों को विविध योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियां सिखाईं। शिविर की पृष्ठभूमि में ताजमहल की उपस्थिति ने योगाभ्यास को आध्यात्मिक छवि प्रदान की।

इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के चेयरमैन पूरन डावर ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक संतुलित, स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली का माध्यम है। हम सब मिलकर योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।

आर्ट ऑफ लिविंग की एपेक्स बॉडी के सदस्य डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि यह योग शिविर न केवल योग के प्रति जनजागृति का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक समरसता, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक चेतना का सुंदर संगम भी प्रस्तुत करता दिखाई दिया।

राज्य शिक्षक समन्वयक डॉ. रश्मि मिश्रा, वरिष्ठ योग शिक्षिका रुचिरा ढाल सहित आयोजकों ने योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

आयोजन में मोहित जैन, कवि पवन आगरी, जितेंद्र फौजदार, ब्रजेश सुतेल, पल्लवी महाजन, अदिति कात्यायन, डॉ. मुकेश गोयल, राजेश अग्रवाल, दुष्यंत गर्ग, अविनाश वर्मा, नीता सरीन, ममता रैली, सुशील यादव, वृंदा अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल और विष्णु शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor