इंडोनेशिया ट्रेड एक्सपो 2025 के लिए आगरा चैम्बर को आमंत्रण, व्यापारिक रिश्तों में नया उत्साह

आगरा।  भारत में इंडोनेशियाई दूतावास के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को आगरा में नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारियों से मुलाकात कर 15 से 19 अक्टूबर 2025 तक जकार्ता, इंडोनेशिया में आयोजित होने वाले 40वें ट्रेड एक्सपो इंडोनेशिया में औपचारिक आमंत्रण सौंपा। यह एक्सपो वैश्विक स्तर पर B2B केंद्रित व्यापारिक अवसरों और साझेदारी निर्माण का प्रमुख मंच है।

Jul 17, 2025 - 19:12
 0
इंडोनेशिया ट्रेड एक्सपो 2025 के लिए आगरा चैम्बर को आमंत्रण, व्यापारिक रिश्तों में नया उत्साह
आगरा में नेशनल चैंबर के साथ इंडोनेशिया ट्रेड एक्सपो-2025 को लेकर बैठक करते इंडोनेशिया के प्रतिनिधि। 

चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मौलाना सैयद (मंत्री सलाहकार- राजनीति), मिस महात्मा देवी (सचिव-3), एवं यूली रियांटो (प्रशासन प्रमुख) ने किया। बैठक का संचालन पूर्व अध्यक्ष श्री सीताराम अग्रवाल द्वारा किया गया।

भारत-इंडोनेशिया संबंधों में नई गति

बैठक में मिस महात्मा देवी ने बताया कि यह एक्सपो इंडोनेशिया की निर्यात-उन्मुख उत्कृष्टताओं को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करेगा। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष का विषय है-  इंडोनेशिया की उत्कृष्टता की खोज एवं सीमाओं से परे व्यापार।

एक्सपो में 16 श्रेणियों में खाद्य, पेय, कृषि उत्पाद, और 20 श्रेणियों में मशीनरी, ऑटोमोटिव पार्ट्स, रसायन, वस्त्र शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, डिजिटल सेवाएं, गृह सज्जा, फैशन, स्वास्थ्य एवं जीवनशैली जैसे 23 क्षेत्रों में भी भागीदारी होगी।

ज्ञान, नेटवर्किंग और व्यापार का संगम

मौलाना सैयद ने बताया कि प्रदर्शनी के साथ-साथ प्रतिभागी बी2बी बिज़नेस मैचिंग, ट्रेड मिशन, बिज़नेस फोरम और काउंसलिंग सत्रों में भी भाग ले सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि 2024 के संस्करण में भारत शीर्ष साझेदार देश रहा था और 944 भारतीय खरीदारों की उपस्थिति के साथ 7.46 बिलियन अमेरिकी डॉलर का कारोबार दर्ज किया गया।

दीर्घकालिक साझेदारी की मजबूत नींव

यूली रियांटो ने भारत-इंडोनेशिया के बीच मजबूत ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 1951 में औपचारिक राजनयिक संबंधों की स्थापना के बाद से दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों में निरंतर प्रगति हो रही है और आज की बैठक का उद्देश्य इन रिश्तों को और सुदृढ़ करना है।

आगरा के उद्यमियों के लिए सुनहरा अवसर

बैठक में चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल के साथ पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य विकास मित्तल, गिरीश चंद गोयल, स्पर्श जैन, शैलेन्द्र बंसल, जयकिशन गुप्ता, मनीष बंसल भी उपस्थित रहे। सभी ने इंडोनेशिया के आमंत्रण का स्वागत करते हुए इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में भागीदारी को आगरा के निर्यातकों और निर्माताओं के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

SP_Singh AURGURU Editor