ईरान रूस से खरीदेगा गेरान-5 ड्रोन,  ईरानी शाहेद ड्रोन का ही है कापी,  बन गया है  अजेय हथियार

ईरान रूस से अत्‍याधुन‍िक गेरान-5 ड्रोन लेने जा रहा है। ईरान इसकी मदद से अमेरिका और इजरायल को न‍िशाना बनाना चाहता है। गेरान-5 ड्रोन ईरानी शाहेद-135 ड्रोन का कॉपी है।

Sep 14, 2026 - 19:28
 0
ईरान रूस से खरीदेगा गेरान-5 ड्रोन,  ईरानी शाहेद ड्रोन का ही है कापी,  बन गया है  अजेय हथियार

तेहरान। यूक्रेन में जोरदार हमले कर रहे रूस के जेट से चलने वाले गेरान ड्रोन का अब ईरान भी मुरीद हो गया है। गेरान ड्रोन ईरान के शाहेद-136 ड्रोन का ही कॉपी है। रूस ने अब इसे और ज्‍यादा शक्तिशाली बना दिया है, जिससे यूक्रेन के लिए इसे मार गिराना काफी मुश्किल हो गया है। गेरान ड्रोन शाहेद से ज्‍यादा तेजी से हमला करता है। इसकी स्‍पीड 600 किमी प्रतिघंटा है। इससे पहले यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद रूस के अनुरोध पर ईरान ने बहुत बड़े पैमाने पर रूस को शाहेद-136 क‍िलर ड्रोन की सप्‍लाई की थी। माना जा रहा है कि अमेरिका और इजरायल के खिलाफ ईरान अब गेरान ड्रोन का इस्‍तेमाल कर सकता है।

एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिमी सुरक्षा अधिकारियों और रूसी राष्‍ट्रपति के एक करीबी ने बताया कि ईरान ने रूस से गेरान ड्रोन मांगा है। रूस साल 2023 से ही शाहेद को अपग्रेड करके गेरान ड्रोन बना रहा है। गेरान-4 और गेरान-5 एकदम आधुनिक रूसी मॉडल हैं जो हाल के दिनों में यूक्रेनी शहरों में तबाही मचा रहे हैं। ये जेट पावर्ड ड्रोन प्रोपेलर से चलने वाले ड्रोन की तुलना में एयर डिफेंस सिस्‍टम को मात देने में ज्‍यादा सक्षम हैं। इन ड्रोन के इस्‍तेमाल से यूक्रेन की टेंशन काफी बढ़ गई है।

रूस ने ऐसे ही एक ड्रोन हमले में हाल ही में यूक्रेनी सुरक्षा सेवा के मुख्‍यालय को सफलतापूर्वक न‍िशाना बनाया था। ऐसा पहली बार हुआ था जब एक ड्रोन ने सरकारी इमारत को सफलतापूर्वक कीव में न‍िशाना बनाया। एक अन्‍य गेरान ड्रोन यूक्रेनी राष्‍ट्रपति के प्‍लेन के पास तक पहुंच गया था जो मोल्‍दोवा में उड़ान भरने वाला था। ये ड्रोन अब तक यूक्रेन में कई जगहों पर सफलतापूर्वक हमला कर चुके हैं। अगस्‍त में रूस ने रेकॉर्ड 2800 ड्रोन दागे थे। गेरान 1 ड्रोन 185 किमी प्रतिघंटे की स्‍पीड से हमला करने में सक्षम थे जो अपने साथ 20 क‍िलो व‍िस्‍फोटक ले जा सकते थे।

अत्‍याधुनिक गेरान-5 ड्रोन 90 किलो व‍िस्फोटक ले जाने में सक्षम है जिससे काफी नुकसान होता है। इसकी रेंज भी अब 1000 किमी तक पहुंच गई है। यह देखने में क्रूज मिसाइल की तरह से है जिसमें कैमरा और एआई स‍िस्‍टम लगा है। बता दें कि ईरान संकट का हल न‍िकलता नहीं दिख रहा है। ओमान के विदेश मंत्री सैय्यद बद्र बिन हमद अल बुसैदी ने रविवार को बताया क‍ि ओमान के शहर सलालाह में सोमवार को होने वाली ईरान और खाड़ी देशों की बैठक को फिलहाल टाल दिया गया है। अल बुसैदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर ल‍िखा, "सभी पक्षों के बीच सहमति बनाए रखने के हित में कल सलालाह में होने वाली क्षेत्रीय बैठक को स्थगित कर दिया गया है।"

हमद अल बुसैदी ने कहा क‍ि हम अपने क्षेत्र में स्थिरता और लंबे समय तक सहयोग को बढ़ावा देने वाले संवाद के लिए प्रतिबद्ध हैं। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए को दिए एक इंटरव्यू में ईरान के विदेश मंत्रालय में फारस की खाड़ी मामलों के महानिदेशक मोहम्मद अली बाक ने भी बैठक टलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि कुछ क्षेत्रीय देशों के अनुरोध पर और ईरान तथा ओमान के संयुक्त फैसले के आधार पर इस बैठक को किसी दूसरी तारीख के लिए स्थगित किया गया है। अधिकारी ने कहा कि बैठक के लिए सही समय तय करने और जरूरी तैयारियों तथा समन्वय को सुनिश्चित करने के लिए ईरान लगातार ओमान के साथ बातचीत कर रहा है।