भगवान झूलेलाल पर अभद्र टिप्पणी का मामला गरमाया, सिंधी समाज ने पुलिस कमिश्नर से कड़ी कार्रवाई की मांग की

आगरा। सिंधी समाज के धार्मिक और सामाजिक आदर्शों पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर शहर का सिंधी समाज आक्रोशित है। विभिन्न सिंधी सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार से मुलाकात कर अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।

Nov 17, 2025 - 18:51
 0
भगवान झूलेलाल पर अभद्र टिप्पणी का मामला गरमाया, सिंधी समाज ने पुलिस कमिश्नर से कड़ी कार्रवाई की मांग की
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार से मुलाकात कर सिंधी समाज पर अभद्र टिप्पणी करने वाले अमित बघेल के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते सिंधी सेंट्रल पंचायत के महामंत्री हेमंत भोजवानी, सुनील करमचंदानी एवं समाज के अन्य लोग ।

आगरा। सिंधी समाज के धार्मिक और सामाजिक आदर्शों पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर शहर का सिंधी समाज आक्रोशित है। विभिन्न सिंधी सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार से मुलाकात कर अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।

गौरतलब है कि जोहर छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के कथित नेता अमित बघेल ने 26 अक्टूबर 2025 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर भगवान झूलेलाल, महाराजा अग्रसेन, पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी समेत कई महापुरुषों के बारे में बेहद अशोभनीय और अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसके साथ ही उसने सिंधी समाज को "पाकिस्तानी" बताकर पाकिस्तान जाने की बात कहते हुए कई विवादित और आपत्तिजनक बातें कही थीं। इन बयानों ने देशभर में सिंधी समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है।

शाहगंज थाने में भी दी गई थी तहरीर, फिर भी कार्रवाई नहीं

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सिंधी सेंट्रल पंचायत, पूज्य सिंधी जनरल पंचायत और सिंधी युवा मंच शाहगंज के संयुक्त नेतृत्व में समाजसेवी सुनील करमचंदानी सहित कई प्रबुद्ध जन थाना शाहगंज पहुंचे थे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कार्रवाई न होने पर समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस कमिश्नर से सीधे हस्तक्षेप की मांग की।

प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि अमित बघेल के बयान ने न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को आहत किया है, बल्कि राष्ट्रीय अखंडता और एकता पर भी चोट पहुंचाई है। इसलिए उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होना आवश्यक है। प्रतिनिधि मंडल में शामिल समाजसेवी हेमंत भोजवानी ने कहा कि सिंधी समाज ने अपने धर्म की रक्षा के लिए पाकिस्तान छोड़ दिया था, लेकिन अपना धर्म नहीं छोड़ा। आज भगवान झूलेलाल और समाज के प्रति जो अपमानजनक बातें कही गई हैं, उससे हर सिंधी आहत है। उन्होंने कहा कि समाज ऐसे बयानों को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं करेगा और सख्त कार्रवाई की मांग करता है।

पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि पूरा मामला गंभीरता से जांचा जाएगा और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में हेमंत भोजवानी,महामंत्री  सिंधी सेंट्रल पंचायत, सुनील करमचंदानी, नरेश लखवानी अध्यक्ष, सिंधी युवा मंच, घनश्याम मुलानी मंत्री, पूज्य सिंधी जनरल पंचायत, विजय भाटिया महामंत्री, सिंधी युवा मंच आदि शामिल थे।