हेल्प आगरा ने 18वें स्थापना दिवस पर शुरू की ‘हेल्प जन सुविधा केन्द्र’ की नई पहल, फ्री सेवा
आगरा। समाजसेवा के क्षेत्र में 17 वर्षों की निरंतर जनसेवा का गौरवशाली इतिहास रचने वाली संस्था हेल्प आगरा ने सोमवार को अपना 18वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर संस्था द्वारा एक नई पहल “हेल्प जन सुविधा केन्द्र” का शुभारंभ किया गया, जो आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सेतु बनेगा।
सुबह दस से शाम पांच बजे तक खुलेगा केंद्र
मोती कटरा स्थित हेल्प आगरा भवन में आयोजित कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष राम सरन मित्तल, वर्तमान अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, महासचिव गौतम सेठ, निवर्तमान महासचिव किशन अग्रवाल और समाजसेवी नीतेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से जन सुविधा केन्द्र का लोकार्पण किया।
यह केन्द्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुलेगा, जहां विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लिए निशुल्क रजिस्ट्रेशन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। रजिस्ट्रेशन के लिए केवल सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाएगा।
संस्थापक सदस्यों को श्रद्धांजलि और आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम में संस्था के दिवंगत संस्थापक सदस्यों एवं पदाधिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महासचिव गौतम सेठ ने बीते 17 वर्षों में संस्था द्वारा समाज को दी गई निशुल्क व लागत मूल्य सेवाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
किशन अग्रवाल ने संस्था से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी सहयोगियों, दानदाताओं, सदस्यों, डॉक्टरों और स्टाफ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संस्था आने वाले वर्षों में भी सेवा की उत्कृष्ट परंपरा को बनाए रखेगी।
स्थापना दिवस समारोह में कोषाध्यक्ष नरेश जैन, अजय मित्तल, सुरेंद्र शर्मा, श्रीमती अंजू किशोर, नितिन अग्रवाल, सुवीरा गोयल, राजीव गुप्ता, टी.एन. अग्रवाल, अनिल गोयल (एडवोकेट) और नंदकिशोर गोयल (मीडिया प्रभारी) सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।