आगरा में गूंजा ‘जय श्रीराम’, बाबा श्री मनकामेश्वर रामलीला महोत्सव में हुआ राम जन्मोत्सव

गढ़ी ईश्वरा, दिगनेर और शमशाबाद में चल रहे बाबा श्री मनकामेश्वर रामलीला महोत्सव 2025 के तीसरे दिन मंचन में वह पावन क्षण आया जिसका इंतजार हर भक्त करता है—मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जन्म प्रसंग।

Sep 24, 2025 - 22:25
 0
आगरा में गूंजा ‘जय श्रीराम’, बाबा श्री मनकामेश्वर रामलीला महोत्सव में हुआ राम जन्मोत्सव
बाबा श्री मनकामेश्वर रामलीला महोत्सव में लीला का मंचन करते स्वरूप।

आगरा। गढ़ी ईश्वरा, दिगनेर और शमशाबाद में चल रहे बाबा श्री मनकामेश्वर रामलीला महोत्सव 2025 के तीसरे दिन मंचन में वह पावन क्षण आया जिसका इंतजार हर भक्त करता है—मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जन्म प्रसंग।

बुधवार की संध्या को लक्ष्मीनारायण स्वरूप की आरती के साथ मंचन का शुभारंभ श्रीमहंत योगेश पुरी और मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने किया।

लीला का प्रारंभ पृथ्वी माँ की करुण पुकार से हुआ, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। जब देवताओं ने भगवान विष्णु से प्रार्थना की और राजा दशरथ के राजमहल में आनंद का वातावरण बना, तभी मंच पर राम जन्मोत्सव का दिव्य दृश्य अवतरित हुआ।

कलाकारों की सजीव प्रस्तुति से पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा। महिलाओं ने मंगलगीत गाए, बच्चों ने नन्हे राम स्वरूप की आरती उतारी और प्रसादस्वरूप मिष्ठान व टॉफियों का वितरण हुआ।

श्रीमहंत योगेश पुरी ने कहा कि राम जन्म लीला केवल मंचन नहीं, बल्कि भक्त और भगवान के बीच सीधा संबंध है। प्रभु श्रीराम ने धर्म और मर्यादा का संदेश दिया, जो हर हृदय तक पहुँचना चाहिए। वहीं, हरिहर पुरी ने बताया कि गुरुवार को सीता स्वयंवर, धनुष लीला और राम-परशुराम संवाद का मंचन होगा तथा शुक्रवार को भव्य राम बारात निकाली जाएगी।