जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप आगरा ताज ने गौशाला में सेवा कार्य के साथ किया अधिष्ठापन
आगरा। अखिल भारतीय जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप आगरा ताज की नवीन कार्यकारिणी का अधिष्ठापन समारोह शाहगंज रोड स्थित भारद्वाज गौशाला में सेवा, श्रद्धा और करुणा के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक विजय शिवहरे एवं जैन श्वेतांबर सोशल संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सोनी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक विजय शिवहरे ने कहा कि जैन समाज सदैव सेवा, करुणा और अहिंसा के मूल सिद्धांतों पर चलता आया है। गौसेवा जैसे पुनीत कार्य न केवल प्राणी मात्र के प्रति संवेदना को दर्शाते हैं, बल्कि समाज और नई पीढ़ी को संस्कारों की दिशा भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अध्यक्ष अमरलाल जैन ने संस्था के इतिहास और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अखिल भारतीय जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप की स्थापना वर्ष 1995 में इंदौर में हुई थी। बीते 30 वर्षों की सेवा यात्रा में संस्था की देशभर में 165 शाखाएं सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में यह संस्था की पहली और एकमात्र शाखा है, जो आगरा में स्थापित की गई है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
भारद्वाज गौशाला में आश्रय ले रहे गोवंश के लिए संस्था द्वारा 10 कुंतल हरा चारा, एक कुंतल बाजरा, 50 किलो गुड़ एवं फल आदि की व्यवस्था की गई।
अध्यक्ष अमरलाल जैन ने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि होली पर्व के अवसर पर संस्था द्वारा दिव्यांगजनों के लिए विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग को सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष निर्मल जैन, संरक्षक अजय लालवानी, सचिव अतिन छाजेड़, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जैन, सहित पिंकी लालवानी, रुचिका जैन, विनीत जैन, नीरज जैन, प्रवीण जैन, कपिल, वंदना, राशि, सुमन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।