जैतपुर प्रधान हत्याकांड, मुठभेड़ के बाद अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी, कई अभी भी फरार

जैतपुर क्षेत्र के चर्चित अवनीश यादव हत्याकांड में पुलिस ने तीसरे आरोपी इंद्राराज को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस मुठभेड़ में कृष्णा यादव और शिव प्रताप उर्फ गेंदा को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश में अवनीश यादव की हत्या की गई थी। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Jun 9, 2026 - 16:06
 0
जैतपुर प्रधान हत्याकांड, मुठभेड़ के बाद अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी, कई अभी भी फरार

आगरा। आगरा में थाना जैतपुर क्षेत्र में प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश में हुए चर्चित अवनीश यादव हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी इंद्राराज पुत्र राजवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी सर्विलांस सेल, एसओजी और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर शाहपुर गुर्जर मार्ग से की।

गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्याकांड में नामजद अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, जैतपुर क्षेत्र में प्रधानी चुनाव को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते अवनीश यादव और उनके भाई पर जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में अवनीश यादव की मौत हो गई थी, जबकि उनके भाई को भी गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद क्षेत्र में काफी तनाव का माहौल बन गया था और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीमों का गठन किया था।

इससे पहले संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों कृष्णा यादव और शिव प्रताप उर्फ गेंदा को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय आरोपी शिव प्रताप ने एक दरोगा की सरकारी रिवाल्वर छीन ली थी और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से हथियार भी बरामद किए गए थे।

पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा और मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।