आगरा के जैतपुर क्षेत्र में सड़क हादसे में जल निगम कर्मी की मौत, बाइक सवार फरार

आगरा। थाना जैतपुर क्षेत्र के कमतरी मोड़ पर बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में जल निगम के कर्मचारी की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब 50 वर्षीय राजेंद्र किसी निजी कार्य से सड़क पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेंद्र दूर जाकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

Jul 9, 2025 - 15:27
 0
आगरा के जैतपुर क्षेत्र में सड़क हादसे में जल निगम कर्मी की मौत, बाइक सवार फरार
सड़क हादसे में मृत जल निगम कर्मचारी राजेंद्र का शव अस्पताल में।

-तेज रफ्तार बनी काल, रास्ते में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग निकला। आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल राजेंद्र को नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।

राजेंद्र जल निगम विभाग में कार्यरत थे और अपने दायित्वों के लिए क्षेत्र में सक्रिय रूप से सेवा दे रहे थे। मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि कमतरी मोड़ जैसे व्यस्त क्षेत्रों में सड़क पार करने के लिए उचित सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के उपाय किए जाएं ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

SP_Singh AURGURU Editor