जनकपुरी महोत्सव 2025 : मिथिला नगरी में 14 से 21 सितंबर तक होंगे कार्यक्रम, विवरणिका जारी
आगरा। कमला नगर क्षेत्र मिथिला नगरी का स्वरूप धारण करेगा, जब उत्तर भारत का सबसे बड़ा सांस्कृतिक उत्सव रामलीला जनकपुरी महोत्सव 14 से 21 सितंबर तक आयोजित होगा। महोत्सव आयोजन समिति ने बुधवार को सेलिब्रेशन होटल, कमला नगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम के बीच महोत्सव की आकर्षक विवरणिका का विमोचन किया। इसमें दैनिक कार्यक्रमों से लेकर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के नाम व संपर्क सूत्र तक की संपूर्ण जानकारी दी गई है।
राज्यसभा सांसद और समिति के मुख्य संरक्षक नवीन जैन ने विवरणिका जारी करते हुए कहा कि यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने और समाज को जोड़ने का माध्यम है। विवरणिका के विमोचन के समय कार्यक्रम स्थल श्रीराम-जानकी के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रमों की विस्तृत झलक
श्री जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने जनकपुरी के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। खास बात ये है कि इस बार जनकपुरी के कार्यक्रम पूरे आठ दिन तक चलेंगे। 14 से 21 सितंबर तक के कार्यक्रम इस प्रकार हैं-
14 सितंबर: सुबह 8 बजे राम चौक से जनक मंच कार्यालय तक विशाल आमंत्रण यात्रा।
15 सितंबर: शाम 4 बजे राजा जनक व महारानी सुनयना का नगर भ्रमण, बैंडबाजों के साथ विवाह निमंत्रण।
16 सितंबर: दोपहर 2 बजे महिला मंडल द्वारा मेहंदी व संगीत कार्यक्रम (महाराजा अग्रसेन सेवा सदन)।
17 सितंबर: शाम 4 बजे कावेरी मंदिर से जनक पार्क तक सीता जी का डोला और गौरी पूजन।
18 सितंबर: सुबह 10 बजे महाराजा अग्रसेन सेवा सदन पर राम बारात का स्वागत, दोपहर 1 बजे तुलसी सालिगराम विवाह, शाम 6 बजे बारात प्रस्थान।
19 सितंबर: दोपहर 12 बजे अग्रवन पर बड़हार की दावत, शाम 5 बजे राम शोभायात्रा जनक मंच के लिए।
20 सितंबर: शाम 5 बजे पुनः राम शोभायात्रा, रात 9 बजे सीता जी की विदाई का भावुक दृश्य।
21 सितंबर: शाम 6 बजे सम्मान समारोह और रात 10 बजे खाटू श्याम भजन संध्या (नरेश सैनी, गुरुग्राम)।
कुछ और नए पदाधिकारियों बनाए गए, स्वागत
जनकपुरी महोत्सव के आयोजन में कहीं कोई चूक न रह जाए, इस दृष्टि से गौरव पोद्दार को सर्वव्यवस्था प्रमुख बनाकर उनका स्वागत किया गया। साथ ही सुनील विकल, रूप किशोर अग्रवाल एडवोकेट, राम प्रकाश अग्रवाल, गोविंद प्रसाद अग्रवाल सीए को संरक्षक, इंद्रेश गोयल, विशाल मित्तल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संतोष गुप्ता, भुवेश अग्रवाल, सलिल कुमार गोयल, दीपक कुमार गोयल, मोहन सिंह वर्मा, मनीष अग्रवाल (टेंप्टेशन), सतीश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, दिलीप जैन, बृजेश कुमार सिकरवार, संदीप मित्तल, पार्षद मुरारी लाल गोयल, राजेंद्र गुप्ता, नीरज अग्रवाल उपाध्यक्ष, तपन अग्रवाल, चंद्रवीर सिंह फौजदार, शिव मंगल गुप्ता, कशिश अग्रवाल मंत्री, पवन अग्रवाल मीडिया प्रभारी और बांके बिहारी अग्रवाल, सुनित गोयल, कपिल अग्रवाल, अमित अग्रवाल और नीरज शाक्य को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
कार्यक्रम स्थल पर छाया उत्साह
विवरणिका विमोचन कार्यक्रम में पूरे सभागार में जय श्रीराम के उद्घोष गूंजे। आवरण पर भगवान श्रीराम और माता सीता की वरमाला धारण किए आकर्षक युगल छवि को देखकर हर कोई भाव-विभोर हो गया। इस अवसर पर सांसद नवीन जैन, समिति अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल, महामंत्री उमेश कंसल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, संयोजक पंकज अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समाजसेवी मौजूद रहे।