‘जाणता राजा’ का आगाज: मार्च तक 200 करोड़ का डिजिटल म्यूजियम तैयार हो जाएगा- जयवीर

आगरा। ताज नगरी आगरा में कलाकृति ग्राउंड पर छत्रपति शिवाजी महाराज की अमर गाथा को जीवंत करने वाला 'जाणता राजा' महानाट्य का आगाज 'जय जय भवानी' और 'जय शिवाजी' के उद्घोषों के बीच हुआ। दिव्य प्रेम सेवा मिशन के तत्वावधान में हुए इस ऐतिहासिक आयोजन में पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शिवाजी महाराज की कैद स्थली पर 200 करोड़ रुपये की लागत से डिजिटल म्यूजियम बनाने की घोषणा की, जबकि मिशन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ने आगरा को शिवाजी की भूमि बताते हुए मुगलों से अलग पहचान पर जोर दिया।

Oct 4, 2025 - 20:19
 0
‘जाणता राजा’ का आगाज: मार्च तक 200 करोड़ का डिजिटल म्यूजियम तैयार हो जाएगा- जयवीर
कलाकृति ग्राउंड पर जाणता राजा महानाटक का दीप जलाकर उद्घाटन करते पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद। साथ हैं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और अन्य अतिथि।

इस अवसर पर स्वामी उमाकांतानंद सरस्वती महाराज, प्रो. डीपी सिंह, महेश चतुर्वेदी, राकेश गर्ग, संजय चतुर्वेदी सहित आगरा और आसपास के 20 जिलों से राष्ट्रभक्त, सनातन प्रेमी, छात्र-छात्राएं और भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे। लखनऊ में सफल आयोजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुरोध पर आगरा में इसका मंचन किया जा रहा है।

दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ने कहा कि आगरा सनातन धर्म और भगवान शिव की पावन भूमि है, जहां 1666 में शिवाजी महाराज को औरंगजेब ने धोखे से कैद किया था। तीन माह की कैद के बाद स्थानीय फल विक्रेताओं और ठेले वालों के सहयोग से वे रायगढ़ लौटे और 1674 में हिंदवी स्वराज की स्थापना की।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने घोषणा की कि शिवाजी महाराज की कैद स्थली पर 197.27 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक डिजिटल म्यूजियम मार्च 2026 तक बनकर तैयार होगा। आगरा कलेक्टर के खाते में 9.46 करोड़ रुपये की टोकन मनी भेजी जा चुकी है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि योगी सरकार के 8.5 वर्षों में आगरा के लिए 55 योजनाओं पर 512 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिनमें बटेश्वर के 101 शिव मंदिरों का 191 करोड़ से विकास और कैलाश मंदिर के लिए 20 करोड़ शामिल हैं। उन्होंने गर्व से कहा कि 2022 से उत्तर प्रदेश पर्यटकों की संख्या में देश में नंबर एक है।

जयवीर सिंह ने कहा कि इस महानाट्य को देखकर संस्कृति और प्रशासन में विश्वास मजबूत होगा, जो विकसित भारत का सपना साकार करेगा।

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, पूर्व मंत्री उदयभान सिंह, अभिनव मौर्य, ललित शर्मा, गोविंद दुबे, राहुल सारस्वत, शुभम नेचुरल, राहुल चौधरी, मनीष थापक सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

आयोजन समिति के प्रमुख सदस्यों में सीए संजीव माहेश्वरी (अध्यक्ष), महेश गोयल, डॉ. सिमरन उपाध्याय, विनायक मुद्गल, आशीष त्यागी, मनीष अग्रवाल 'रावी', फूल सिंह, मनीष अग्रवाल, श्रीमती रीना शर्मा, अनिकेत तोमर, प्रतिभा जिंदल, अवधेश शर्मा आदि समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor