राजस्थान के महवा में सात दिसंबर को होगा जाटव समाज उत्थान महाकुंभ, देशभर के लोग होंगे शामिल
राजस्थान के दौसा जिले में स्थित महवा में आगामी 7 दिसंबर को भारतीय जाटव समाज द्वारा समाज उत्थान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से समाज के प्रमुख लोग, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शिक्षा, रोजगार, नेतृत्व विकास और संगठनात्मक मजबूती को नई दिशा देना है।
आगरा। भारतीय जाटव समाज संगठन, महवा (जिला दौसा, राजस्थान) के तत्वावधान में 7 दिसंबर, रविवार को अखिल भारतीय जाटव समाज उत्थान समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम भारतीय जाटव समाज राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रभान ठेकेदार के नेतृत्व में आयोजित होगा।
समारोह में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री पी.सी. बैरवाल, विभिन्न मंत्रिमंडल सदस्यों, सांसदों, विधायकों, प्रतिष्ठित समाजसेवियों और देशभर के जाटव समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया कि इससे पूर्व समानता एवं समृद्धि थीम पर आधारित भारतीय जाटव समाज का राष्ट्रीय अधिवेशन 7 सितंबर को धनौली (आगरा) में आयोजित हुआ था, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण शामिल हुए थे।
उस दौरान राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश और हरियाणा सहित देश के कई राज्यों से समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह समारोह समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके प्रमुख लक्ष्य हैं- समाज में शिक्षा को बढ़ावा, युवाओं को रोज़गार के अवसरों से जोड़ना, नेतृत्व विकास, संगठनात्मक मजबूती और समाज के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करना।