ज्वेलर मर्डर कांड: नकाब पहने थे दोनों बदमाश, आते ही बोले शांति से खड़े रहो नहीं तो गोली मार देंगे
आगरा। आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में कारगिल चौराहा स्थित फॉर्चून टावर में बालाजी ज्वेलर्स के शोरूम स्वामी की हत्या और लूटपाट से समूचे शहर में सनसनी है। इस बीच शोरूम में काम करने वाली एक लड़की ने वारदात की आंखोंदेखी जानकारी दी है।
रेनू नाम की इस युवती ने बताया कि उसने ही पौने ग्यारह बजे शोरूम का शटर उठाया था। शोरूम मालिक योगेश चौधरी उस समय तक नहीं आये थे। शोरूम को व्यवस्थित करने के बाद एक महिला ग्राहक वहां पहुंची और वह ज्वेलरी देखने लगी। सोने की ज्वेलरी का डिब्बा काउंटर पर रखा हुआ था। इसी दौरान दो नकाबपोश शोरूम के अंदर घुसे और पिस्तौल दिखाते हुए धमकाय तथा चुपचाप खड़े रहने को कहा। इसके बाद बदमाशों ने सोने और चांदी की ज्वेलरी समेटी और शोरूम के बाहर निकल गये।
नेहा के अनुसार वह भी इन बदमाशों के पीछे शोरूम से बाहर आई। उसे अचानक नीचे सड़क पर शोरूम मालिक योगेश चौधरी दिखे, जो अपना दुपहिया वाहन खड़ा कर रहे थे। नेहा ने तेज आवाज में शोरूम मालिक योगेश को लूट की जानकारी दी। इस पर योगेश चौधरी ने एक बदमाश को पकड़ लिया। इस पर हड़बड़ाये दूसरे बदमाश ने योगेश चौधरी को गोली मार दी।
ज्वेलरी शोरूम के बराबर ही योगेश चौधरी के बेटे का रेस्टोरेंट है। जानकारी मिलने पर योगेश चौधरी को लेकर उनका बेटा अस्पताल की ओर दौड़ा। महिला कर्मचारी रेनू ने बताया कि बदमाश शोरूम से चांदी की ज्वेलरी के अलावा सोने की बालियां भी ले गए हैं।
रेनू का कहना है कि बदमाशों ने अंदर आते ही सभी पिस्तौल दिखाकर धमकाया और कहा कि शांति से एक तरफ खड़े रहो, नहीं तो गोली मार देंगे। शोरूम के बाहर योगेश चौधरी की हत्या करने के बाद बदमाश शोरूम से लूटी हुए ज्वेलरी के साथ फरार हो गए।