आगरा के फाइव स्टार होटल जेपी पैलेस के रूम से 25 लाख की ज्वेलरी चोरी, शादी में शामिल होने आया था मनीष मगन का परिवार
आगरा के नामी फाइव स्टार होटल जेपी पैलेस में शादी समारोह में शामिल होने आए आगरा निवासी मनीष मगन के कमरे से 25 लाख रुपये की कीमती ज्वेलरी चोरी हो गई। शादी के बीच होटल के रूम नंबर 2520 से ज्वेलरी से भरा बैग रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। मनीष मगन ने इस मामले में थाना एकता में मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना एकता क्षेत्र में स्थित फतेहाबाद रोड के लग्ज़री पंचतारा होटल जेपी पैलेस के रूम में ज्वेलरी से भरा बैग गायब होने से हर कोई हैरान है। आगरा के 70, साकेत कॉलोनी निवासी मनीष मगन पुत्र स्व. सोमनाथ मगन अपने परिवार के साथ अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए 20 नवंबर को होटल पहुंचे थे। मगन परिवार को रूम नंबर 2520 आवंटित किया गया था।
मनीष मगन के अनुसार होटल के रूम में लगा लॉकर पहले से ही खराब था। रात करीब साढ़े आठ बजे पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए कमरे से बाहर चला गया। देर रात शादी से लौटने के बाद परिवार सो गया और किसी को किसी भी गड़बड़ी का आभास नहीं हुआ।
सुबह जब मनीष मगन की पत्नी सामान व्यवस्थित कर रही थीं, तभी उन्होंने देखा कि ज्वेलरी से भरा छोटा बैग गायब है। बैग में सोने के दो कंगन, छह चूड़ियां और एक डायमंड का लॉकेट सेट था। चोरी हुई ज्वेलरी की अनुमानित कीमत 22 से 25 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
ज्वेलरी गायब मिलने पर मनीष मगन ने तुरंत होटल प्रबंधन और स्टाफ को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद होटल में खलबली मच गई। काफी तलाश के बावजूद ज्वेलरी का कोई सुराग नहीं लगा। अंततः पीड़ित ने थाना एकता में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज और स्टाफ की गतिविधियों की जांच कर रही है।