विवि छात्रों के देशभक्ति के गीतों से गूंजा जेपी सभागार, हर घर तिरंगा कार्यक्रम में भरा जोश
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत जेपी सभागार में आयोजित म्यूजिक कंर्सट में विद्यार्थियों ने देशभक्ति की अलख जगाते हुए श्रोताओं में उत्साह का संचार किया। कुलपति प्रो. आशु रानी के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल करना और तिरंगे के साथ भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करना था।
विद्यार्थियों की प्रस्तुति
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और सम्बद्ध महाविद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने वन्दे मातरम, मां तुझे सलाम, जहां डाल डाल पर सोने की चिड़िया..., ये देश है वीर जवानों का..., मेरे देश की धरती सोना उगले... और अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों... जैसे देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों का समूह गायन प्रस्तुत किया।
उद्देश्य और संदेश
इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति की भावना को जीवन में उतारने और अपने घरों पर गर्व से तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रोताओं ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की।