आगरा के गायत्री पब्लिक स्कूल में हुआ ज्योति कलश यात्रा का भव्य स्वागत

आगरा। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ज्योति कलश रथ यात्रा का गायत्री पब्लिक स्कूल, वजीरपुरा और शास्त्रीपुरम् परिसर में भव्य स्वागत किया गया। यह आयोजन विद्यालय और गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने श्रद्धा और उत्साह से भाग लिया।

Jul 8, 2025 - 14:53
 0
आगरा के गायत्री पब्लिक स्कूल में हुआ ज्योति कलश यात्रा का भव्य स्वागत
ज्योति कलश यात्रा के गायत्री पब्लिक स्कूल में हुई अगवानी की एक झलक।

-शास्त्रीपुरम् और वजीरपुरा इकाइयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने की श्रद्धा से अगवानी

वजीरपुरा इकाई में पूजन और पुष्पांजलि से हुआ स्वागत

सुबह 9 बजे वजीरपुरा रोड स्थित गायत्री पब्लिक स्कूल में यात्रा का पहला स्वागत हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ मिलकर ज्योति कलश का विधिवत पूजन किया। पूरे परिसर में मंत्रोच्चारण और भजन की गूंज से आध्यात्मिक वातावरण बन गया।

शास्त्रीपुरम् में दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रारंभ हुआ कार्यक्रम

इसके उपरांत यात्रा शास्त्रीपुरम् इकाई पहुंची, जहाँ संस्थापिका राधारानी शर्मा ने विधिवत पूजन किया। इसके बाद मंच पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे प्रदेश समन्वयक नरेन्द्र ठाकुर, गायत्री तपोभूमि मथुरा से ईश्वर शरण पाण्डेय, प्रद्युम्न चतुर्वेदी और राधारानी शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन किया।

रथ यात्रा में सहयोगी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन

ज्योति कलश रथ यात्रा के साथ आए कार्यकर्ताओं का स्कूल प्रबंधन की ओर से माला, पटिका और नारियल भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी गायत्री मंत्रोच्चारण एवं स्वागत गीतों के माध्यम से यात्रा का अभिनंदन किया।

विजन 2026 और मानवता जागरण की पहल

नरेन्द्र ठाकुर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि यह यात्रा परम वन्दनीया भगवती देवी शर्मा की जन्मशती एवं अखण्ड दीप शताब्दी वर्ष के अवसर पर निकाली जा रही है। इसका उद्देश्य मानवता को जाग्रत करना, जीवन में संयम लाना एवं राष्ट्र को आत्मबल से जोड़ना है।

ईश्वर शरण पाण्डेय ने ‘अखण्ड ज्योति’ एवं रथ यात्रा के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। राधारानी शर्मा ने पं. श्रीराम शर्मा आचार्य और भगवती देवी शर्मा के जीवन मूल्य विद्यार्थियों के समक्ष रखे।

इन अतिथियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर प्रबन्धक प्रद्युम्न चतुर्वेदी, जिला समन्वयक सुरेश चन्द्र सक्सेना, युवा संयोजक गिरधर गोपाल, अरुण साहू, शिवांक उपाध्याय, संदीप तिवारी, अजय यादव, अखिलेश कुलश्रेष्ठ, एस.के. मिश्रा, मुकेश शर्मा, कालीचरन शर्मा आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor