कन्नौज में अखिलेश ने भाजपा के वोट कटवाकर बाहरियों को वोटर बनाया था- असीम अरुण

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने रविवार को यहां सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर कन्नौज में भाजपा के वोटों की चोरी का गंभीर आरोप लगाया। बरेली के दौरे पर आए मंत्री ने सर्वोदय विद्यालय में भवन मरम्मत कार्य में भारी लापरवाही पर कड़ा एक्शन भी लिया और एक जेई की सेवाएं समाप्त करने का निर्देश दिया।

Aug 17, 2025 - 20:30
Aug 17, 2025 - 20:32
 0
कन्नौज में अखिलेश ने भाजपा के वोट कटवाकर बाहरियों को वोटर बनाया था- असीम अरुण
बरेली जिले में सर्वोदय विद्यालय में मरम्मत कार्य का निरीक्षण करते समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण।

-कन्नौज के दौरे पर आए मंत्री ने सर्वोदय विद्यालय के मरम्मत कार्य में लापरवाही पर जेई की सेवाएं समाप्त कीं

बरेली में पत्रकारों से बात करते हुए असीम अरुण ने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी जो वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं, वह पूरी तरह झूठ और निराधार है। मैं कन्नौज का विधायक हूं और कह रहा हूं कि पिछले लोकसभा चुनाव में कन्नौज का कोई बूथ ऐसा नहीं था जहां भाजपा के वोट न काटे गये हों।

असीम अरुण ने कहा कि कन्नौज की वोटर लिस्ट में तमाम ऐसे नाम थे जो बाहर के थे और वे चुनाव के दौरान अखिलेश यादव के लिए वोट डालने भी आए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने राहुल गांधी से हलफनामा मांगा है और अगर उनके आरोप सच हैं तो उन्हें शपथ पत्र के साथ आयोग को प्रस्तुत क्यों नहीं कर देते। उन्होंने कहा कि ये केवल राजनीतिक आरोप नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्था के प्रति जनता का भरोसा हटाने की कोशिश है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

बरेली सर्वोदय विद्यालय में मरम्मत में लापरवाही पर कड़ा एक्शन

प्रेस कान्फ्रेंस से पहले मंत्री ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (बालक), गोपालपुर, भोजीपुरा का निरीक्षण किया। भवन मरम्मत कार्य में पाए गए भारी दोषों पर तुरंत कदम उठाया। उन्होंने आउटसोर्सिंग पर कार्यरत जूनियर इंजीनियर माज खान की सेवाएं समाप्त कर दीं।

मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को आदेश दिया कि मरम्मत कार्य तय मानकों और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा, यह कोई मामूली लापरवाही नहीं है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में समाज कल्याण विभाग 101 सर्वोदय विद्यालय संचालित करता है। ये विद्यालय आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों के लिए कक्षा 6 से 12 तक आवासीय सुविधा प्रदान करते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor