बरेली में कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम: बैल कोल्हू में दिखी आत्मनिर्भर भारत की झलक

राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और औद्योगिक समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित 6वें कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के चौथे दिन बरेली में कश्मीरी युवक-युवतियों ने औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण किया। इस दौरान युवाओं ने परसाखेड़ा स्थित बैल कोल्हू प्रतिष्ठान में पारंपरिक और आधुनिक उत्पादन तकनीकों को नजदीक से देखा और समझा।

Feb 9, 2026 - 20:28
 0
बरेली में कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम: बैल कोल्हू में दिखी आत्मनिर्भर भारत की झलक
वतन को जानो कार्यक्रम के अंतर्गत बरेली के भ्रमण पर आए कश्मीरी युवाओं के दल की युवतियां सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं हुईं।  

-रमेश कुमार सिंह-

बरेली। मेरा युवा भारत बरेली, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा गृह मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 6वां कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत चौथे दिन कश्मीरी युवक एवं युवतियों ने औद्योगिक भ्रमण के तहत परसाखेड़ा स्थित बैल कोल्हू प्रतिष्ठान का दौरा किया।

कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को बरेली में बैल कोल्हू प्रतिष्ठान का भ्रमण करते कश्मीर के युवा।

माय भारत बरेली की उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने बताया कि भ्रमण के दौरान कश्मीरी युवाओं को उत्पाद निर्माण की प्रक्रिया, पैकेजिंग, मार्केटिंग, लैब निरीक्षण तथा आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। युवाओं ने पारंपरिक उद्योग को आधुनिक स्वरूप में ढलते हुए देखा और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को व्यवहारिक रूप में समझा।

इसके उपरांत आयोजित बौद्धिक संवाद में राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित मोहित शर्मा ने युवाओं को अपने अनुभव साझा करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।

शाहजहांपुर से आए मेरा युवा भारत स्वयंसेवक अमित श्रीवास्तव ने अपने प्रभावशाली मोनो एक्ट के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का सशक्त संदेश दिया। वहीं विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2026 के प्रतिभागी विकास एवं दिवस राजपूत ने युवाओं को संबोधित करते हुए नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र विकास के लिए प्रेरित किया।

सांस्कृतिक सत्र में आकांक्षा मिश्रा एवं दिव्यांशी मिश्रा ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम और जागरूकता का संचार किया। संध्या काल में विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र की टीम से यश, लवी सिंह एवं काजल ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति से कश्मीरी युवाओं को रूबरू कराया।

इस अवसर पर समाजसेवी भूपेंद्र सिंह, चीफ वार्डन अशोक कुमार सिंह, डॉ. छवि शर्मा, डॉ. अनिल बिष्ट, डॉ. राकेश कुमार मौर्या, डॉ. सुमित श्रीवास्तव, जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया, जिला युवा अधिकारी शिखर रस्तोगी, मोहन सिंह एवं राजकुमार का महत्वपूर्ण सहयोग एवं योगदान रहा।

SP_Singh AURGURU Editor