कजाकिस्तान सुंदरी एलेना टेनिस की  नई महारानी,   दुनिया की नंबर 1 महिला खिलाड़ी बनी 

कजाकिस्तान की 26 साल की स्टार टेनिस खिलाड़ी एलेना रिबाकिना ने यूएस ओपन 2026 में अपने ऐतिहासिक और शानदार प्रदर्शन के दम पर करियर में पहली बार महिला टेनिस की वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है। रिबाकिना यह मुकाम हासिल करने वाली कजाकिस्तान की पहली खिलाड़ी हैं। अपने लंबे कद, तीखे नैन-नक्श और बेमिसाल खूबसूरती के कारण वे इंटरनेट पर छाई हुई हैं और फैंस उनकी तुलना रूस की पूर्व दिग्गज ग्लैमर स्टार मारिया शारापोवा से कर रहे हैं।

Sep 11, 2026 - 21:39
 0
कजाकिस्तान सुंदरी एलेना टेनिस की  नई महारानी,   दुनिया की नंबर 1 महिला खिलाड़ी बनी 

 
 
वाशिंगटन। टेनिस कोर्ट की सबसे आकर्षक हस्तियों में शुमार 6 फीट लंबी एलेना रिबाकिना न केवल अपने ग्लैमरस लुक बल्कि अपने शांत स्वभाव के लिए जानी जाती हैं। जब कोर्ट पर अक्सर अन्य खिलाड़ी तनाव में दिखते हैं, तब रिबाकिना का मुस्कुराता हुआ कूल अंदाज और ग्रेसफुल बॉडी लैंग्वेज फैंस का दिल जीत लेता है। सोशल मीडिया पर उनके फैशन, सादगी और एथलेटिक अंदाज को खूब पसंद किया जा रहा है, जहां फैंस उन्हें प्यार से 'कजाकिस्तान की क्वीन' कह रहे हैं।

एलेना रिबाकिना का अब तक का टेनिस करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने साल 2022 में अपना पहला ग्रैंड स्लैम विंबलडन जीतकर दुनिया को चौंका दिया था, जिसके बाद साल 2026 में उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब भी अपने नाम किया। इसके अलावा, उन्होंने 2025 में साल के सबसे बड़े सालाना टूर्नामेंट डब्ल्यूटीए फाइनल्स की ट्रॉफी भी जीती थी, जो उनके निरंतर बेहतरीन खेल को दर्शाती है।

खूबसूरती के साथ-साथ रिबाकिना का खेल भी बेहद आक्रामक है। वे महिला टेनिस सर्किट में अपनी बेहद तेज, घातक और पावरफुल सर्विस के लिए जानी जाती हैं। उनका मजबूत बेसलाइन गेम और गजब की फिटनेस किसी भी विरोधी खिलाड़ी को दबाव में लाने के लिए काफी होती है। इसी आक्रामक खेल शैली की वजह से उन्होंने दुनिया के कई दिग्गज खिलाड़ियों को मात दी है।

17 जून 1999 को मास्को में जन्मी रिबाकिना ने अपने करियर के शुरुआती दौर में रूस का ही प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, साल 2018 में कजाकिस्तान टेनिस फेडरेशन से मिले बेहतरीन ट्रेनिंग और सपोर्ट के बाद उन्होंने कजाकिस्तान की नागरिकता अपना ली। उसी कजाकिस्तान का झंडा बुलंद करते हुए आज वे विश्व टेनिस के सबसे ऊंचे मुकाम यानी वर्ल्ड नंबर 1 के पायदान पर काबिज हो चुकी हैं।