केजरीवाल की बेटी की शादी: आईआईटियंस की जोड़ी ले रही सात फेरे, रिसेप्शन 20 को
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता केजरीवाल की शादी आज राजधानी के एक फाइव स्टार होटल में सम्पन्न हुई। हर्षिता ने संभव जैन के साथ सात फेरे लिए। दोनों ही आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र रहे हैं और हाल ही में एक स्टार्टअप भी शुरू किया है।
खास मेहमानों की मौजूदगी
शादी समारोह पूरी तरह निजी रखा गया था। इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए और संगीत समारोह में थिरकते नजर आए। कार्यक्रम में दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी उपस्थित रहे। बेहद सीमित मेहमानों की मौजूदगी के कारण यह समारोह सादगी और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
20 अप्रैल को रिसेप्शन
सूत्रों के मुताबिक, 20 अप्रैल को एक रिसेप्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई प्रतिष्ठित हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
ये है हर्षिता और संभव की प्रोफाइल
हर्षिता केजरीवाल ने नोएडा के दिल्ली पब्लिक स्कूल से स्कूली शिक्षा के बाद वर्ष 2014 में आईआईटी-जेईई में 3,322वीं रैंक हासिल की और आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में डिग्री प्राप्त की। संभव जैन भी आईआईटी दिल्ली से पढ़े हैं और एक प्रतिष्ठित कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट के रूप में कार्य कर चुके हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल
शादी की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं, जिनमें संगीत समारोह की झलकियां और परिवार के जश्न का माहौल नजर आ रहा है।