खादी महोत्सव- स्थानीय उद्यमिता, परंपरागत कला और स्वदेशी उद्योगों को नई उड़ान देने को तैयार लखनऊ
लखनऊ। प्रदेश में स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने और परंपरागत कला को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से 10 दिवसीय खादी महोत्सव-2025 का आयोजन गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में 21 से 30 नवम्बर तक किया जाएगा। यह भव्य आयोजन न केवल खादी और ग्रामोद्योग की समृद्ध विरासत को नई ऊर्जा देगा, बल्कि प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का भी बड़ा माध्यम बनेगा।

महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग तथा हथकरघा और वस्त्रोद्योग विभाग के मंत्री राकेश सचान करेंगे। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 160 से अधिक उद्यमी और इकाइयां अपने श्रेष्ठ उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय करेंगी।
प्रदेश की पहचान बनेंगे प्रदर्शित उत्पाद
महोत्सव में प्रदेश की परंपरागत कला और उत्पादों की विविधता अद्भुत रूप से देखने को मिलेगी। सहारनपुर का नक्काशीदार फर्नीचर, भदोही की विश्वविख्यात कालीन, अमरोहा के गमछे और सदरी, सीतापुर की दरी और तौलिये, वाराणसी की रेशमी साड़ियां, प्रतापगढ़ के आंवला उत्पाद, लखनऊ की रॉयल हनी और माटी कला, बीकानेरी पापड़, लेदर और हस्तशिल्प उत्पाद, पारंपरिक जैकेट, वस्त्र तथा अन्य स्वदेशी उत्पाद मेले में आकर्षण का केंद्र होंगे। यह महोत्सव एक ही छत के नीचे उत्तर प्रदेश की लोककला, परंपरा और उद्यमिता की समृद्ध झलक प्रस्तुत करेगा।
उद्यमियों और लाभार्थियों को मिलेगा सम्मान
महोत्सव में उत्कृष्ट इकाइयों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही चयनित लाभार्थियों को विभिन्न उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। 05 लाभार्थियों को दोना मेकिंग मशीन, 05 लाभार्थियों को पॉपकॉर्न मशीन, 05 को हनी बॉक्स, 04 को विद्युत चालित चाक और 01 लाभार्थी को पगमिल मशीन दी जाएगी। यह कदम छोटे उद्यमियों को आधुनिक संसाधनों से लैस कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का बड़ा कदम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के विजन के तहत आयोजित यह महोत्सव स्वदेशी उत्पादों को वैश्विक बाजार दिलाने, कारीगरों को सम्मान देने और उद्यमियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। खादी महोत्सव-2025 प्रदेश को नवाचार, रोजगार और स्थानीय व्यापार विस्तार की नई दिशा देने वाला एक बड़ा मंच सिद्ध होगा।