मथुरा के खायरा में जमीन के लिए चाचा ने भतीजे को पांच दिन तक जंजीरों में कैद रखा

मथुरा। जिले के छाता थाना क्षेत्र के गांव खायरा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति को उसके चाचा ने कथित रूप से जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाने को पांच दिनों तक जंजीरों में बांधकर बंधक बनाकर रखा। इसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने युवक को मुक्त करा लिया है।

Jul 20, 2025 - 22:55
 0
मथुरा के खायरा में जमीन के लिए चाचा ने भतीजे को पांच दिन तक जंजीरों में कैद रखा
व्यक्ति, जिसे खायरा गांव से छाता पुलिस ने बंधन से मुक्त कराया।

-सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस, पीड़ित को मुक्त कराया

पीड़ित को बाल्टी में की शौच, गंदगी में दिया गया सूखा भोजन

पीड़ित ने बताया कि उसके चाचा ने जमीन का कब्जा लेने के लिए उसे जबरदस्ती कैद कर लिया। इस दौरान उसे एक बाल्टी दी गई, जिसमें शौच करनी पड़ती थी। उसी कमरे में गंदगी के बीच रूखा-सूखा खाना दिया जाता रहा। जब गांववालों को इसकी भनक लगी तो बंधक व्यक्ति को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई और चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस पहुंची, युवक को छुड़ाया

जंजीर में बंधे व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और गांव पहुंचकर युवक को मुक्त कराया।

थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया कि यह भाई-भाई का मामला लग रहा है और अभी तक कोई भी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का यह भी कहना है कि घर वालों ने बताया है कि बंधक बनाया गया व्यक्ति नशे का आदी है, जिसके चलते परिवार वालों ने उसे कमरे में बंद कर रखा था। हालांकि, पुलिस ने युवक को मुक्त करा लिया है और मामले की जांच जारी है।

SP_Singh AURGURU Editor