खंदौली बाजार में बेकाबू कैंटर बिजली का खंभा तोड़ दुकानों में घुसा, एक्सीडेंट के समय मार्केट बंद था अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता

आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर खंदौली कस्बे के मुख्य बाजार में तड़के एक बेकाबू कैंटर गाड़ी ने जमकर कहर बरपाया। कैंटर बिजली के खंभे को तोड़ते हुए सीधे दुकानों में जा घुसा। गनीमत रही कि घटना के समय बाजार बंद था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

Apr 2, 2026 - 13:10
 0
खंदौली बाजार में बेकाबू कैंटर बिजली का खंभा तोड़ दुकानों में घुसा, एक्सीडेंट के समय मार्केट बंद था अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता
खंदौली में बेकाबू कैंटर के घुसने से एक दुकान का अस्त-व्यस्त पड़ा सामान।

आगरा। जनपद के खंदौली कस्बा स्थित आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह के समय एक तेज रफ्तार कैंटर अनियंत्रित होकर मुख्य बाजार में घुस गया और बिजली के खंभे को तोड़ते हुए सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा।

हादसा इतना तेज था कि खंभा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दुकानों के शटर व आगे का हिस्सा भी टूट गया। दुकानों में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

जिस समय यह दुर्घटना हुई, उस वक्त बाजार बंद था और सड़कों पर भीड़ नहीं थी। यही कारण रहा कि कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा दिन के समय हुआ होता, तो बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आ सकते थे, क्योंकि खंदौली बाजार दिन में बेहद व्यस्त रहता है और हाईवे पर भारी ट्रैफिक बना रहता है।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर स्पीड कंट्रोल के सख्त इंतजाम किए जाएं और बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाया जाए।

SP_Singh AURGURU Editor