खंदौली में शादी विद थ्रिलर एंड ड्रामाः वर-वधु पक्ष के बीच जमकर मारपीट, थाने में हुआ समझौता
आगरा। खंदौली कस्बे में लाला प्यारेलाल की धर्मशाला उस समय जंग के मैदान में तब्दील हो गई, जब दुल्हन की मेकअप आर्टिस्ट के लेट होने पर दुल्हन के पिता का धैर्य जवाब दे गया और वर-वधु पक्ष आपस में भिड़ गये। हालात इतने बिगड़े कि दोनों पक्षों के बीच जमकर न केवल मारपीट हुई बल्कि लाठी-डंडे भी चले। इसके बाद मामले में पुलिस की एंट्री हुई। थाने में दो घंटे तक चली पंचायत के बाद शादी संपन्न हुई और आज सुबह दुल्हन अपने ससुराल के लिए विदा हो गई।
रामनगर, खंदौली निवासी सराफा कारोबारी के बेटे की शादी सादाबाद क्षेत्र के एक गांव की युवती से तय हुई थी। दोनों पक्षों ने शादी खंदौली में करना तय किया था। बीते कल वधु पक्ष अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ खंदौली पहुंच गया था। शादी समारोह का स्थल खंदौली में रोडवेज बस स्टैंड के सामने प्यारेलाल जी धर्मशाला तय था।
सब कुछ सामान्य था। दोनों पक्ष अपनी-अपनी ओर से शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। दुल्हन के मेकअप के लिए वर पक्ष ने ही खंदौली के ही एक ब्यूटी पॊर्लर से मेकअप आर्टिस्ट बुक किया था। मेकअप आर्टिस्ट समय पर नहीं पहुंचा। जब बहुत ज्यादा देर हो गई तो दुल्हन के पिता ने आपा खा दिया और वर पक्ष को भला बुरा सुनाना शुरू कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में पहले बहस हुई और गर्मागर्मी इतनी बढ़ी कि देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। वर और वधु पक्ष के लोग एक-दूसरे से गुत्थमगुत्था हो गये। कुछ लोगों ने लाठी डंटे भी चलाए। दूल्हे का भाई भी मारपीट का शिकार हो गया।
झगड़े की सूचना मिली तो खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा शांत कर दोनों पक्षों को थाने ले आई। थाने में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को आरोपित किया। इसके बाद दो घंटे तक चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और दोनों ही ओर से शादी के लिए भी हां कर दी गई।
समझौते के बाद दोनों पक्ष धर्मशाला लौटे और फिर शादी की रस्में पूरी की गईं। हालांकि मारपीट की घटना के बाद दोनों ही पक्षों के चेहरों पर शादी की खुशी न होकर तनाव था और ऐसा लग रहा था कि महज शादी की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। आज सुबह दुल्हन की विदाई भी हो गई।